देवघर (शहर परिक्रमा)

देवेंद्र दास मेमोरियल क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित ‘आदर्श लक्ष्य ट्रॉफी’ का हुआ आगाज़

देवघर: देवीपुर बाजार स्थित ऐतिहासिक मैदान में देवेंद्र दास मेमोरियल क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित “आदर्श लक्ष्य ट्रॉफी” क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ बड़े ही उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन देवघर जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य उर्फ भईया जी ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों के बीच टॉस कराकर किया।

    टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में पतार डीह एवं रामपुर की टीमों के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। निर्धारित ओवरों के इस मुकाबले में रामपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पतार डीह को 50 रनों से पराजित कर टूर्नामेंट में विजयी आगाज़ किया। मैच के दौरान बल्लेबाजों की आक्रामक पारी और गेंदबाजों की सधी हुई लाइन-लेंथ ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
     इसके पूर्व कार्यक्रम के आयोजक सचिन कुमार दास एवं संदीप कुमार ने मुख्य अतिथि आदर्श लक्ष्य का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत किया। मंच संचालन के दौरान आयोजकों ने बताया कि यह टूर्नामेंट समाजसेवी स्वर्गीय देवेंद्र दास जी की पावन स्मृति में आयोजित किया जा रहा है, जिनका सामाजिक योगदान क्षेत्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
      इस अवसर पर आदर्श लक्ष्य ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, एकता और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय देवेंद्र दास जी के सम्मान में प्रारंभ किया गया यह टूर्नामेंट अब से प्रत्येक वर्ष नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच मिलता रहे। उन्होंने यह भी कहा कि खेल गतिविधियों से युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और वे गलत राहों से दूर रहकर समाज निर्माण में अपनी भूमिका निभाते हैं।
    आदर्श लक्ष्य ने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा आश्वासन दिया कि देवघर जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग करेगा।
    जानकारी हो कि इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।