कोडरमा (शहर परिक्रमा)

डीएवी कोडरमा में इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन

कोडरमा: पी वी एस एस डीएवी पब्लिक स्कूल झुमरी तिलैया में नर्सरी से लेकर दूसरी कक्षा तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों को विद्यालय की शैक्षणिक प्रणाली, शिक्षण पद्धति, अनुशासन तथा बच्चों के समग्र विकास से संबंधित जानकारी प्रदान करना था।

  कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह, सुपरवाइजरी हेड मौसुमी मल्लिक एवं अभिभावकों  द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
     विद्यालय के प्राचार्य ने अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रारंभिक कक्षाओं में बच्चों की नींव मजबूत करना अत्यंत आवश्यक होता है, जिसमें अभिभावकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होती है। छोटे बच्चों का मस्तिष्क कुम्हार के मिट्टी के बने हुए कच्चे घड़े के समान होता है । वह उसे जैसा आकार देना चाहेगा वैसा आकार देता है। उसी प्रकार हम अपने नौनिहाल बच्चों के मानस पटल पर जैसी छाप छोड़ेंगे उनके ऊपर वैसा ही असर होगा। हमें छोटे बच्चों के साथ हमेशा आत्मीयता पूर्वक व्यवहार करना चाहिए। हम उन्हें जो भी सीख देंगे वह जल्दी  अपने अंदर आत्मसात कर लेते हैं। हमें छोटे बच्चों को प्यार से समझाना चाहिए।
प्राचार्य ने अभिभावकों को विद्यालय की उपलब्धियों और अनुशासन प्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने अभिभावकों से अनुरोध किया कि वह अपने बच्चों को समय से स्कूल भेजें,अनुशासन का पालन करने की सीख दें उचित ड्रेस कोड का अवश्य ध्यान रखें।  शिक्षकों द्वारा दिए गए गृहकार्य एवं अन्य कार्यों को डायरी में अवश्य देखें और उसे पूरा करवाने की कोशिश करें। उन्होंने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि उनके बच्चे का समग्र विकास विद्यालय की प्राथमिकता है। छात्र -छात्राओं के चहुंमुखी विकास के लिए आप सभी लोग समय -समय पर विद्यालय में उपस्थित होकर शिक्षकों से रुबरु होते रहें।
इस अवसर पर विद्यालय की सुपरवाइजरी हेड मौसुमी मल्लिक ने अभिभावकों को पाठ्यक्रम, दैनिक दिनचर्या, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। साथ ही, बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों के विकास पर भी जोर दिया ।
   अभिभावकों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई और अपने सवालों के माध्यम से विद्यालय की कार्यप्रणाली को बेहतर तरीके से समझा। कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए लाभकारी बताया।
इस प्रकार यह इंडक्शन प्रोग्राम अभिभावकों और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायक सिद्ध हुआ। विद्यालय द्वारा अभिभावकों के लिए विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन किया गया जिसमें सभी अभिभावकों एवं बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और खूब मनोरंजन किया।
इस कार्यक्रम में लक्की पाठक, क्रीती कुमारी ने अभिभावकों का विभिन्न खेलों के द्वारा मनोरंजन किया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ से हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *