देवघर (शहर परिक्रमा)

‘स्व-गणना’ अभियान 1 से 15 मई तक, नागरिकों से अधिकतम भागीदारी की अपील

देवघर: जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत ‘स्व-गणना’ (Self Enumeration) को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी की गई है। इस संबंध में आज 30.04.26 को सूचना भवन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि प्रकाश सिंह ने नागरिकों को इस नई डिजिटल सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

     उपायुक्त ने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को आधुनिक तकनीक के माध्यम से पूरी तरह पेपरलेस और डिजिटल बनाया गया है। इसी क्रम में 1 मई से 15 मई 2026 तक ‘स्व-गणना’ की विशेष अवधि निर्धारित की गई है, जिसके तहत नागरिक घर बैठे अपने मोबाइल फोन के माध्यम से आधिकारिक जनगणना पोर्टल पर लॉगिन कर अपने परिवार से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं।
    उन्होंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं है, बल्कि यह देश के विकास की आधारशिला है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं का निर्माण इसी आंकड़ों के आधार पर किया जाता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का इसमें सटीक और ईमानदार सहभाग आवश्यक है।
     ‘स्व-गणना’ की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बताते हुए उपायुक्त ने कहा कि नागरिकों को केवल अपने मोबाइल नंबर से पोर्टल पर लॉगिन करना होगा और परिवार की जानकारी भरनी होगी। जानकारी सफलतापूर्वक दर्ज करने के बाद सिस्टम द्वारा एक विशेष ‘SE ID’ (Self Enumeration ID) जनरेट की जाएगी, जो पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से प्राप्त होगी।
    उन्होंने आगे बताया कि 16 मई 2026 से प्रगणक (Enumerators) घर-घर जाकर डेटा का सत्यापन करेंगे। जिन परिवारों ने पहले ही ‘स्व-गणना’ कर ली होगी, उन्हें केवल अपनी SE ID प्रगणक को दिखानी होगी। प्रगणक इस आईडी को अपने मोबाइल ऐप में दर्ज कर जानकारी का मिलान करेंगे, जिससे प्रक्रिया और भी तेज और पारदर्शी होगी।
     उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि इस चरण में कुल 33 प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें मकान की स्थिति, पेयजल, बिजली, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं और संपत्तियों से संबंधित जानकारी शामिल होगी। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि जनगणना के दौरान किसी भी प्रकार के व्यक्तिगत दस्तावेज या जातिगत जानकारी नहीं मांगी जाएगी, क्योंकि यह पूरी प्रक्रिया केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए की जा रही है।
      जानकारी हो कि जिले में जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर मानव संसाधन की तैनाती की है। इसके तहत 11 चार्ज पदाधिकारी, 11 अपर चार्ज पदाधिकारी, 3577 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB), 2312 प्रगणक तथा 383 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
     उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे ‘स्व-गणना’ पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि न केवल समय की बचत हो, बल्कि सटीक आंकड़े भी सुनिश्चित हो सकें। उन्होंने कहा कि यह अभियान नागरिकों की सुविधा के साथ-साथ देश के विकास में उनकी सीधी भागीदारी का अवसर भी है।
     प्रेस वार्ता में नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सहित कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे और जनगणना से जुड़ी विभिन्न जानकारियां साझा की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *