वैक्टर जनित रोग नियंत्रण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
देवघर जिला भीबीडी कार्यालय में वैक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम से संबंधित मासिक समीक्षा बैठक सह प्रयोगशाला प्रावैधिकी (एलटी) उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला भीबीडी पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार यादव ने की, जबकि जिला भीबीडी सलाहकार डॉ. गणेश कुमार यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) से एमटीएस, एसआई, एलटी, एसडब्ल्यू एवं एमपीडब्ल्यू कर्मियों ने भाग लिया। इसके अलावा पिरामल फाउंडेशन के जिला लीड अभिषेक कात्यायन, प्रखंड स्तर के पीओसीडी, जिला भीबीडी कार्यालय के एफएलए रवि सिन्हा तथा डीईओ कांग्रेस मंडल भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान अप्रैल माह में विभिन्न सीएचसी द्वारा किए गए भीबीडी कार्यों की क्रमवार समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आगामी मॉनसून को देखते हुए मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया एवं जापानीज इंसेफेलाइटिस जैसे मच्छर जनित रोगों की रोकथाम को लेकर विशेष चर्चा हुई।
अधिकारियों ने रोग जांच, दवा, उपस्कर, कीटनाशी, लार्वानाशी दवा एवं फॉगिंग रसायनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही 15 मई से शुरू होने वाले मलेरिया कीटनाशी छिड़काव (आईआरएस) अभियान की तैयारियों एवं संबंधित प्रपत्रों की समीक्षा भी की गई।
बैठक में अक्टूबर-नवंबर 2025 के दौरान रात्रि रक्तपट्ट संग्रह में मिले माइक्रोफाइलेरिया धनात्मक मरीजों की पुनः जांच एवं फॉलोअप को लेकर कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा स्टेज 3 से 7 तक के चिन्हित लिम्फोडिमा रोगियों को मॉर्बिडिटी मैनेजमेंट एंड डिसेबेलिटी प्रिवेंशन (एमएमडीटी) किट एवं एमसीआर चप्पलों का वितरण सहिया एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं के सहयोग से प्रशिक्षण देकर शीघ्र कराने का निर्देश अधिकारियों द्वारा दिया गया।

