लूटकांड में शामिल तीन आरोपी गिरफ्तार, नकदी व बाइक बरामद
देवघर: देवघर पुलिस ने लूटकांड मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई नकदी, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है।

ज्ञात हो कि 3 मई 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे देवघर के गणेश मार्केट स्थित बुद्धालाल लेन गली में शिवम् अलंकार ज्वेलर्स के मालिक अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने हथियार के बल पर उनके चाभी छीनकर तिजोरी से करीब 80 हजार रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया। जांच और छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम प्रशांत कुमार झा, दिव्यांश रंजन उर्फ दिव्यांश झा और रोहित कुमार बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 10,100 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त लाल रंग की हीरो पैशन मोटरसाइकिल (नंबर JH-09Y-3530) तथा एक ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।
इस कार्रवाई में नगर थाना प्रभारी समेत पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। यह जानकारी नगर थाना में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ अशोक कुमार ने दी।

