मधुपुर में युवक की हत्या का खुलासा, दोस्त ही निकला कातिल
मधुपुर(देवघर): देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार हत्या की वजह पैसों का लेन-देन और आपसी विवाद बताया जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 6 मई 2026 को मधुपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आमतल्ला भेडवा स्थित सिंघानिया राइस मिल के समीप खेत की झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। युवक के माथे पर किसी भोथरे वस्तु से हमला किया गया था, जिससे उसका चेहरा खून से लथपथ था। प्रारंभिक प्रयास के बावजूद शव की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल, देवघर भेजा गया।
उसी दिन शाम में शव की पहचान बेलपाड़ा निवासी मो. अलाउद्दीन अंसारी के पुत्र अमन अंसारी के रूप में हुई। इसके बाद मृतक के पिता द्वारा मधुपुर थाना में लिखित आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर मधुपुर थाना कांड संख्या 96/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1)/3(5) में प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने नवी बक्स रोड, कब्रिस्तान के पीछे, मधुपुर निवासी 19 वर्षीय मो. फैजान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मामले में एक अन्य आरोपी सुफियान की भी संलिप्तता है, जो फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपी आपस में दोस्त थे और साथ मिलकर छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इसी दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ, जिसके बाद हत्या की साजिश रची गई। घटना के दिन आरोपियों ने अमन अंसारी को मोटरसाइकिल से घुमाया, खाना-पीना कराया और फिर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।
छापेमारी दल में मधुपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक धर्मवीर भगत, अशोक कुमार एवं थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

