देवघर (शहर परिक्रमा)

सूर्य नारायण चैरिटी ट्रस्ट ने स्कूली बच्चों के बीच बांटी कॉपी एवं पेन

देवघर: सूर्य नारायण चैरिटी ट्रस्ट सेवा धाम, नंदन पहाड़ देवघर की ओर से मंगलवार को सामाजिक सरोकार के तहत एक सराहनीय पहल करते हुए झारखंड सरकार द्वारा संचालित राजकीयकृत प्राथमिक विद्यालय, चंदा जोड़ी, जिला देवघर के करीब 70 से 75 छात्र-छात्राओं के बीच कॉपी एवं पेन का वितरण किया गया।

इस अवसर पर ट्रस्ट के प्रतिनिधि कृष्ण कुमार चौधरी ‘कन्हैया जी’ ने बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है और समाज के सभी लोगों को जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
   कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक गौरी राय एवं शिक्षिका कंचन कुमारी भी उपस्थित रहीं। विद्यालय परिवार ने ट्रस्ट द्वारा किए गए इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ेगा।
कॉपी एवं पेन पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *