देवघर (शहर परिक्रमा)

उपायुक्त ने किया शिक्षक को निलंबित और प्रभारी प्रधानाध्यापक को पदमुक्त

देवघर: जिले के सारवां प्रखंड अंतर्गत आदर्श +2 विद्यालय में फिल्म एवं गाने का प्रसारण किए जाने के मामले में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि प्रकाश सिंह ने कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर स्कूल परिसर के भीतर मनोरंजन संबंधी वीडियो वायरल होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने त्वरित संज्ञान लिया और दोषी कर्मियों पर गाज गिराई है।

तत्काल प्रभाव से निलंबन और पदमुक्ति
    मामले की गंभीरता को देखते हुए +2 विद्यालय सारवां के स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक किसलय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की अवधि के दौरान उन्हें विभागीय कार्रवाई के अधीन रखा गया है। इसके अतिरिक्त, विद्यालय में इस प्रकार की घोर अनुशासनहीनता, लापरवाही और नियंत्रण की कमी को लेकर प्रभारी प्रधानाध्यापक सह स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक अवधेश कुमार ठाकुर को प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद से मुक्त कर दिया गया है। उनके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करने की कड़ी अनुशंसा की गई है।

उपायुक्त का कड़ा निर्देश
   इस कार्रवाई के साथ ही उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने जिले के सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिला, प्रखंड अथवा पंचायत स्तर पर किसी भी सरकारी संस्थान या कार्यालय में अनुशासनहीनता और कार्य के प्रति लापरवाही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सीधे और कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *