देवघर (शहर परिक्रमा)

AIIMS देवघर ब्लड बैंक के प्रथम रक्तदाता बने पियूष जायसवाल

देवघर: भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर के वाइस चेयरमैन पियूष जायसवाल ने अपनी 20वीं वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर AIIMS देवघर ब्लड बैंक में रक्तदान कर एक प्रेरणादायी संदेश दिया। इस अवसर पर वे AIIMS देवघर ब्लड बैंक के प्रथम रक्तदाता बनने का गौरव प्राप्त करने वाले व्यक्ति बने।
     रक्तदान के उपरांत उन्हें सम्मान स्वरूप प्रमाण-पत्र गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे एवं AIIMS देवघर के कार्यपालक निदेशक डॉ. नितिन एम. गंगाने के हाथों प्रदान किया गया।

      मौके पर पियूष जायसवाल ने कहा कि AIIMS देवघर में अत्याधुनिक ब्लड बैंक की शुरुआत संस्थान की एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिससे देवघर, संथाल परगना एवं आसपास के क्षेत्रों के हजारों मरीजों को लाभ मिलेगा। आपातकालीन परिस्थितियों, दुर्घटनाओं, प्रसूति संबंधी मामलों तथा गंभीर रोगों से जूझ रहे मरीजों के लिए समय पर सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में यह ब्लड बैंक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
     उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के निरंतर प्रयासों एवं दूरदर्शी नेतृत्व की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में AIIMS देवघर लगातार नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। उन्होंने AIIMS देवघर के कार्यपालक निदेशक डॉ. नितिन एम. गंगाने एवं संपूर्ण AIIMS प्रबंधन को भी बधाई देते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व और समर्पण के कारण संस्थान स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।
    पियूष जायसवाल ने विशेष रूप से डॉ. इंद्रनील दास, मेडिकल ऑफिसर, ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग, तथा उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि ब्लड बैंक की स्थापना एवं संचालन में उनके प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए ब्लड बैंक की टीम द्वारा किया जा रहा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
     उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने AIIMS देवघर, ब्लड बैंक टीम एवं सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सहभागिता से यह अभियान और अधिक सशक्त होगा।
     इस अवसर पर पियूष जायसवाल ने बताया कि भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर द्वारा AIIMS देवघर के सहयोग से 14 जून, विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी नियमित एवं नए रक्तदाताओं से इस पुनीत अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। इस शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
    उन्होंने सभी रक्तदाताओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं आम नागरिकों से 14 जून को AIIMS देवघर में आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल होकर मानवता की सेवा में अपना योगदान देने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *