विश्व पर्यावरण दिवस पर भारत विकास परिषद द्वारा किया गया पौधारोपण
देवघर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद, देवघर शाखा द्वारा मोहनपुर प्रखंड के ग्राम तरडीहा (बारा पंचायत) एवं हिरणा (नया चितकाठ पंचायत) में फलदार पौधों के वितरण एवं पौधारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम ज्योति के सचिव एवं परिषद सदस्य पशुपति कुमार के विशेष सहयोग से आयोजित की गई। उन्होंने परिषद सदस्य एस.पी. भुईयां बिलास के साथ मिलकर स्थानीय ग्रामीणों को इस अभियान से जोड़ा तथा पौधारोपण हेतु गड्ढों की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक प्रबंध पूर्व से ही सुनिश्चित किया।

कार्यक्रम में वहां के मुखिया अनिल साह की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। उन्होंने ग्रामीणों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का आह्वान किया। परिषद द्वारा लगभग 75 फलदार पौधों एवं आवश्यक खाद की व्यवस्था की गई। ग्रामीणों एवं परिषद सदस्यों ने मिलकर उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया तथा पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
इस वर्ष परिषद ने पौधारोपण को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी पर विशेष बल दिया। फलदार पौधे ग्रामीण परिवारों को उपलब्ध कराए गए, जिससे उनके संरक्षण की स्वाभाविक जिम्मेदारी भी सुनिश्चित हो सके। भविष्य में ये वृक्ष पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ छाया, फल एवं स्वच्छ वायु का स्रोत बनेंगे।
इस अवसर पर संरक्षक डॉ. सुनील सिन्हा, सचिव रूपा केशरी, पर्यावरण संयोजक संतोष सिंह, संपर्क संयोजक जयप्रकाश गुप्ता, पशुपति कुमार, एस. पी. भुईयां बिलास, रंजीत बरनवाल सहित अनेक सदस्य और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
परिषद ने कहा कि “एक वृक्ष दस पुत्रों के समान माना गया है। वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन का आधार भी प्रदान करते हैं।” प्रत्येक नागरिक से कम-से-कम एक पौधा लगाने एवं उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर भारत विकास परिषद, देवघर शाखा की अध्यक्ष कंचन मूर्ति साह ने सभी सदस्यों, ग्रामीणों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिषद पर्यावरण संरक्षण एवं समाजहित के ऐसे अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि “एक पौधा पर्यावरण के नाम तथा एक पौधा माँ के नाम अवश्य लगाएँ।”

