देवघर (शहर परिक्रमा)

शहादत दिवस पर रोहिणी शहीद स्थल में श्रद्धांजलि सभा आयोजित, शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

देवघर: आज 16 जून को शहादत दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक रोहिणी शहीद स्थल पर एक गरिमामय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश की आजादी के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम (1857) के अमर नायकों शहीद सलामत अली, शहीद अमानत अली एवं शहीद शेख हारून को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया।

    कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रध्वज को सलामी देकर की गई। इसके बाद उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, देवघर नगर निगम के महापौर रवि राउत, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

     इस अवसर पर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि आजादी की पहली लड़ाई के इन अमर वीरों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम उनके आदर्शों को आत्मसात कर देशहित और राज्य सेवा की भावना से कार्य करें। उन्होंने युवाओं से समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
      उपायुक्त ने कहा कि रोहिणी शहीद स्थल पार्क जिले का एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थल है। इसके जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने समिति के सदस्यों से पार्क के विकास हेतु सुझाव देने का आग्रह करते हुए कहा कि जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
      कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि शहीद सलामत अली, अमानत अली और शेख हारून की शहादत राष्ट्रभक्ति की अमर गाथा है। उन्होंने कहा कि आजाद भारत में स्वतंत्र रूप से जीवन जीने का अवसर हमें इन्हीं वीर सपूतों के बलिदान की बदौलत मिला है। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
     इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, ताराचंद जैन, सुधीर देव, प्रो. रामनंदन सिंह, जिला योजना पदाधिकारी, उप नगर आयुक्त, गोपनीय प्रभारी, जिला खेल पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समिति के सदस्य सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *