देवघर की डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘निर्मला की दुनिया’ का चयन चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 रांची के लिए
देवघर: चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 में प्रतियोगिता श्रेणी में देवघर की डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘निर्मला की दुनिया’ का चयन किया गया है। बता दें कि उपर्युक्त फिल्म देवघर की शिक्षाविद् निर्मला ठाकुर के जीवन, व्यक्तित्व और उनके द्वारा रची दुनिया पर आधारित है।

ज्ञात हो कि चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 का आयोजन 26, 27 और 28 जून 2026 को सरला बिड़ला यूनिवर्सिटी, रांची में हो रहा है। यह फेस्टिवल सिर्फ झारखंड के निर्माता निर्देशकों की फिल्मों के लिए और झारखंड के सिनेमा को बढ़ावा देने के लिए है। इस फेस्टिवल के लिए 84 फिल्में प्राप्त हुई थीं। फिल्मों के अवलोकन एवं मूल्यांकन हेतु ज्यूरी पैनल की दो दिवसीय बैठक जमशेदपुर में हुई थी। ज्यूरी सदस्यों के द्वारा गहन अध्ययन एवं कठोर परीक्षण के बाद 67 फिल्मों को फेस्टिवल में प्रतिस्पर्धा हेतु चयन किया गया। इसमें ‘निर्मला की दुनिया’ भी सम्मिलित है।

मौलिक फिल्म्स की प्रस्तुति इस फिल्म के छायाकार बबलू साह, पब्लिसिटी डिजाइनर उदयेश रवि और निर्माता, परिकल्पनाकार और निर्देशक हैं शत्रुघ्न प्रसाद।

