अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आईएमए देवघर में चिकित्सकों के लिए विशेष योग सत्र आयोजित
देवघर: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) देवघर द्वारा चिकित्सकों के लिए विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों को योग के महत्व से अवगत कराना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ और निरोग रहता है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है, जिससे व्यक्ति अपने कार्यों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकता है। योग न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है।
कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के योगगुरु रामनरेश पाण्डेय एवं शम्भु बरनवाल ने उपस्थित चिकित्सकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लाभों पर भी प्रकाश डाला।
योग सत्र में आईएमए देवघर के अध्यक्ष डॉ. एन. सी. गांधी, उपाध्यक्ष डॉ. आनंदबर्धन, कोषाध्यक्ष डॉ. गौरी शंकर, डॉ. गोपाल प्रसाद बरनवाल, डॉ. संजय भगत, डॉ. कुमार गौरव, डॉ. अवधेश सिंह, डॉ. अनिल बरनवाल, डॉ. बालकृष्ण चौधरी, डॉ. अशोक कुमार अनुज सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे।
यह जानकारी आईएमए देवघर के सचिव डॉ. संजय कुमार ने एक विज्ञप्ति जारी कर दी।

