कांग्रेस की देवघर जिला कमेटी का हुआ विस्तार
देवघर: देवघर जिला कांग्रेस कमेटी का गठन हो गया है। जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास की ओर से भेजी गई प्रस्तावित जिला कमेटी पर प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने मुहर लगा दी है। इस कमेटी का कार्यकाल अगले पांच साल तक रहेगा। कमेटी में समाज के हर वर्ग का भी विशेष ख्याल रखा गया है और ब्राह्मण, राजपूत, भूमिहार, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी, अल्पसंख्यक, महिला सभी जातियों के नेताओं को पार्टी का पदाधिकारी बनाया गया है।

आज शनिवार को स्थानीय शांति आश्रम में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास ने कमेटी की घोषणा की, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह पीसीसी डेलीगेट दिनेशानंद झा को जिला उपाध्यक्ष सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है। साथ ही उन्हें जरमुंडी विधानसभा का प्रभारी भी बनाया गया है। कमेटी में कुल 60 लोगों को शामिल किया गया है। जिला उपाध्यक्ष सह कोषाध्यक्ष बनने पर दिनेशानंद झा ने जिलाध्यक्ष और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि बूथ से लेकर जिला तक का संगठन मजबूत करेंगे। जिला कमेटी के गठन में हर वर्ग को उचित स्थान दिया गया है। पहले कभी इतनी खूबसूरत कमेटी नहीं बनी थी, जिसमें सभी का ध्यान रखा गया हो। युवा, बुजुर्ग, अनुभवी सभी प्रकार के कांग्रेसियों को जिला कमेटी में शामिल किया गया है। हमलोगों का प्रयास है कि 2029 के चुनाव में कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करे, इसके लिए अभी से ही हमलोग तैयारी में जुट गए हैं।

