नीट पेपर लीक के विरोध में देवघर में युवा कांग्रेस का मशाल जुलूस, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
देवघर: नीट पेपर लीक मामले को लेकर आज शनिवार शाम देवघर जिला युवा कांग्रेस के नेतृत्व में वीर कुंवर सिंह चौक से टावर चौक स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा तक विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस का नेतृत्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशिष भारद्वाज ने किया, जबकि झारखंड युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मशाल जुलूस में शामिल कार्यकर्ता हाथों में झंडा, बैनर, तख्तियां और मशाल लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

मशाल जुलुस समाप्ति के बाद भीड़ सभा में तब्दील हो गई। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव ने आरोप लगाया कि केंद्र में मोदी सरकार के कार्यकाल में कई बार विभिन्न परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के बाद अब वर्ष 2026 में भी नीट पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि छात्र-युवाओं के हित में युवा कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा और शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशिष भारद्वाज ने कहा कि देवघर युवा कांग्रेस तब तक आंदोलन जारी रखेगी, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं देते।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र दास ने कहा कि पेपर लीक का मुद्दा देश के छात्रों और युवाओं से जुड़ा गंभीर विषय है तथा कांग्रेस इसके खिलाफ देशव्यापी संघर्ष कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ. मुन्नम संजय ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और सरकार इस मामले में जवाबदेही तय करने में विफल रही है।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव प्रो. उदय प्रकाश, पीसीसी कोऑर्डिनेटर मुकुंद दास, अवधेश प्रजापति, दिनेश कुमार मंडल, दिनेशानंद झा, नगर अध्यक्ष रवि केसरी, प्रदेश युवा महासचिव खुर्शीद अंसारी, प्रदेश सचिव विक्की कुमार, राहुल सिंह, सूरज साह, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रवि बर्मा, ओबीसी जिलाध्यक्ष विकास राउत सहित कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

