देवघर (शहर परिक्रमा)

ग्रीनविच स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हुआ सामूहिक योगाभ्यास

देवघर: तिवारी चौक स्थित ग्रीनविच स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्रबंधन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग शिक्षक प्रमोद बरनवाल ने बच्चों को योग के महत्व से अवगत कराते हुए विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया।

   योग शिक्षक प्रमोद बरनवाल ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का सर्वोत्तम माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से मानसिक एवं शारीरिक संतुलन बना रहता है, रोगों से बचाव होता है तथा व्यक्ति अपने कार्यों को अधिक एकाग्रता और ऊर्जा के साथ कर सकता है। उन्होंने सभी से नियमित रूप से योग अपनाकर स्वस्थ जीवन जीने का आह्वान किया।
    विद्यालय के प्राचार्य जया वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल आसनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। उन्होंने बच्चों को संतुलित आहार, अच्छे व्यवहार और सकारात्मक विचार अपनाने की प्रेरणा दी।      उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम और योग से शरीर स्वस्थ रहता है तथा अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। योग हमारी सांस्कृतिक धरोहर है, इसलिए इसकी परंपरा को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक राजकुमार वर्मा सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी विद्यार्थियों के साथ योगाभ्यास किया। निदेशक श्री वर्मा ने योग शिक्षक, प्राचार्य, समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को कार्यक्रम की सफलता के लिए बधाई और धन्यवाद दिया। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की अपील की।
      कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने तथा फास्ट फूड का सेवन न करने का सामूहिक संकल्प लिया। योगाभ्यास के समापन पर सभी बच्चे उत्साहित, प्रसन्न एवं ऊर्जा से भरपूर दिखाई दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *