कोडरमा (शहर परिक्रमा)

पीवीएसएस डीएवी में प्रतिभा का उत्सव का आयोजन

कोडरमा: पीवीएसएस डीएवी पब्लिक स्कूल, कोडरमा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक प्रतिभा तथा आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न सहगामी प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं उमंग के साथ भाग लेते हुए अपनी कला, ज्ञान, अभिव्यक्ति एवं कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए थंब प्रिंटिंग कला प्रतियोगिता आयोजित की गई। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति और सृजनात्मकता का मनमोहक परिचय दिया। प्रतियोगिता में संपूर्ण राजपूत, प्रणव कुमार, अपर्णा कुमारी एवं शान्या सोनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उमिका शांभवी, उत्कर्ष राज, बक्शी अरहम अली एवं अन्वी अमन द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि अविका पटेल, विमान बरनवाल एवं दिव्यांश केशव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा तृतीय से पंचम तक के विद्यार्थियों के लिए अंग्रेजी सुलेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने सुंदर एवं आकर्षक हस्तलेखन के माध्यम से अपनी लेखन-कला और सौंदर्यबोध का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कक्षा षष्ठ से अष्टम के विद्यार्थियों के मध्य हिंदी आशु भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर प्रभावशाली एवं आत्मविश्वासपूर्ण ढंग से अपने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता में सक्षम सिंह ने प्रथम, तन्मय सिंह ने द्वितीय तथा राजन कुमार एवं आदित्य राज ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी क्रम में कक्षा षष्ठ से अष्टम की छात्राओं के बीच मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्राओं ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर प्रभावशाली प्रस्तुति देकर अपनी नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच एवं विषय की गहन समझ का परिचय दिया। प्रतियोगिता में आरवी समूह प्रथम, कामाक्षी समूह द्वितीय तथा नंदिनी समूह तृतीय स्थान पर रहा।
कक्षा नवम के विद्यार्थियों के लिए न्यूज़पेपर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने समाचार-पत्र निर्माण की अपनी रचनात्मकता, प्रस्तुतीकरण कौशल एवं कलात्मक दृष्टि का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में अनमोल कुमारी समूह ने प्रथम, साक्षी सारंगी एवं सत्यम मोदी समूह ने द्वितीय तथा आराध्या जैन, राय मानसी एवं ग्लोरिया जोसेफ समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने अपने संदेश में कहा कि विद्यालय में आयोजित सहगामी गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, टीम भावना तथा प्रभावी अभिव्यक्ति कौशल का विकास होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समग्र विकास सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं विजेता विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं तथा भविष्य में भी पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ ऐसी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय की शिक्षिकाएँ मौसुमी मल्लिक, कीर्ति कुमारी, लकी पाठक एवं ज्योति कुमारी तथा शिक्षक कुमार सतीश सिंह, संदीप कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *