देवघर (शहर परिक्रमा)

श्रावणी मेला को लेकर नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज, 89 दुकानों को कराया गया अतिक्रमणमुक्त

देवघर: श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देवघर नगर निगम द्वारा मेला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। नगर निगम द्वारा निर्गत श्रावणी मेला कार्यालय आदेश के आलोक में शनिवार को नगर प्रबंधक प्रकाश मिश्रा एवं नगर प्रबंधक सतीश कुमार दास के नेतृत्व में विशेष अभियान संचालित किया गया।

     इस अभियान में सफाई सह खाद निरीक्षक दीपक महतो, सुनील कुमार मेहता एवं प्रेम राज के साथ टाउन थाना की पुलिस, ट्रैफिक पुलिस तथा नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। अभियान नेहरू पार्क से प्रारंभ होकर शिवगंगा गली, आरती घाट, लक्ष्मीपुर चौक एवं कुछ मेला क्षेत्र तक चलाया गया।
     कार्रवाई के दौरान सड़क एवं फुटपाथ पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए लगभग 89 छोटे एवं बड़े दुकानों को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से नगर निगम अधिनियम के प्रावधानों के तहत अर्थदंड भी वसूला गया तथा भविष्य में पुनः अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई।
     अभियान के दौरान एक दुकान के सामने नाले में भवन निर्माण सामग्री डालकर उसे पूरी तरह जाम कर दिया गया था, जिससे जल निकासी बाधित हो रही थी। नगर निगम की टीम ने तत्काल संबंधित दुकानदार को नाला साफ कराने का निर्देश दिया। निगम की निगरानी में उसी समय दुकानदार द्वारा नाले से निर्माण सामग्री हटाकर सफाई कराई गई, जिसके बाद जल निकासी व्यवस्था पुनः सुचारु हो सकी।
      नगर निगम ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए मेला मार्गों, पैदल पथों तथा सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमणमुक्त रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण, मार्ग अवरुद्ध करना अथवा नालियों में कचरा एवं निर्माण सामग्री डालकर जल निकासी बाधित करना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
    ऐसे मामलों में नियमानुसार जुर्माना एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी।
    नगर निगम ने सभी दुकानदारों एवं व्यवसायियों से अपील की है कि वे निर्धारित सीमा के भीतर ही अपनी दुकानें संचालित करें तथा नगर निगम के निर्देशों का पूर्ण पालन करें।
    श्रावणी मेला-2026 की अवधि में अतिक्रमण हटाने एवं स्वच्छता बनाए रखने हेतु विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित मेला क्षेत्र उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *