पीवीएसएस डीएवी में पाठ्यसहगामी गतिविधियों का उत्सव
कोडरमा: पीवीएसएस डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक सोच तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पाठ्यसहगामी गतिविधियों के अंतर्गत विविध प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लेते हुए अपनी कल्पनाशीलता, नवाचार एवं सृजनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने ‘रेनी डे सेलिब्रेशन’ के अवसर पर वर्षा ऋतु एवं विभिन्न प्रकार के बादलों पर आधारित आकर्षक चित्र बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। बच्चों की रंगों से सजी मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
कक्षा तृतीय से पंचम तक के विद्यार्थियों के लिए ‘सीड पेस्टिंग (Seed Pasting)’ गतिविधि आयोजित की गई। विद्यालय के चारों सदनों—दयानंद सदन, राजा राममोहन राय सदन, रामकृष्ण सदन एवं विवेकानंद सदन—के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के बीजों का रचनात्मक उपयोग करते हुए आकर्षक कलाकृतियाँ तैयार कीं। विद्यार्थियों की कलात्मक अभिव्यक्ति तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी संवेदनशील सोच की सभी शिक्षकों ने मुक्तकंठ से सराहना की।

इसी क्रम में कक्षा षष्ठी से अष्टम तक के विद्यार्थियों के लिए ‘बेस्ट बर्ड फीडर मेकिंग’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अनुपयोगी एवं पुनर्चक्रण योग्य सामग्रियों से सुंदर, उपयोगी और आकर्षक बर्ड फीडर तैयार कर ‘वेस्ट टू बेस्ट’ की अवधारणा को साकार किया। उनकी रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा पक्षियों और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता ने सभी को प्रभावित किया।
वहीं कक्षा नवम के विद्यार्थियों ने ‘नेचर जर्नल’ गतिविधि के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधों एवं प्राकृतिक दृश्यों का सजीव चित्रांकन कर प्रकृति के प्रति अपने लगाव और अवलोकन क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के समग्र प्रदर्शन के आधार पर रामकृष्ण सदन ने प्रथम, राजा राममोहन राय सदन ने द्वितीय तथा दयानंद सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री कृष्ण कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “पाठ्यसहगामी गतिविधियाँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास की आधारशिला हैं। ऐसी गतिविधियाँ बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं।” उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी पूरे उत्साह और समर्पण के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पी. बी. खड़गा, लक्की पाठक, प्रियांका पांडेय, सुरभि गुप्ता, संदीप कुमार, कुमार सतीश सिंह तथा ज्योति कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

