देवघर (शहर परिक्रमा)

ठाढ़ी में दुबे बाबा की वार्षिक पूजा 20 को, नवनिर्मित मंदिर में होगी पूजा

देवघर: मोहनपुर प्रखंड के मलहारा पंचायत अंतर्गत ठाढ़ी गांव स्थित प्रसिद्ध दुबे बाबा मंदिर में वार्षिक पूजा 20 जुलाई को होगी। इसकी जानकारी मंदिर पूजा समिति के अध्यक्ष सह वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. सुनील खवाड़े ने दी।

   उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी वार्षिक पूजा श्रद्धा एवं भक्ति के साथ धूमधाम से होगी। वार्षिक पूजा के दौरान मंदिर परिसर में भव्य मेला लगेगा, जिसमें देवघर, मोहनपुर सहित आसपास के कई गांवों के श्रद्धालु जुटेंगे। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। भीड़ व्यवस्थित रखने, दर्शन-पूजन को सुचारु रूप से संचालन कराने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बड़ी संख्या में समिति की ओर से स्वयंसेवकों की तैनाती कराई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मोहनपुर और रिखिया थाना से अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का अनुरोध भी किया गया है, ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण व सुरक्षित वातावरण में हो सके। डॉ. खवाड़े ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मेले में कीमती आभूषण पहनकर नहीं आएं तथा समिति और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
    उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही पूजा एवं मेले का सफल आयोजन संभव होगा। उन्होंने जानकारी दी कि दुबे बाबा मंदिर का नवनिर्माण कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। इस वर्ष नए मंदिर में ही वार्षिक पूजा होगी। मंदिर को अधिक आकर्षक एवं सुविधाजनक स्वरूप देने के उद्देश्य से निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। समिति के सचिव सुशील महथा, सदस्य अशोक यादव सहित ठाढ़ी गांव के सभी ग्रामीण वार्षिक पूजा की तैयारी और मंदिर निर्माण कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से वार्षिक पूजा एवं मेले में शामिल होकर दुबे बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *