देवघर (शहर परिक्रमा)

अंतरराज्य बस टर्मिनल क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी, 56 अवैध दुकानें हटाई गई

देवघर: श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से देवघर नगर निगम द्वारा अंतर राज्य बस टर्मिनल (ISBT) के समीप व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध रूप से स्थापित कुल 56 दुकानों को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त कराया गया।

      नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान        अतिक्रमणकारियों को सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा कब्जा नहीं करने की चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि एवं सड़क किनारे किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान के कारण बस टर्मिनल के आसपास यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ तथा श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया गया।
       नगर निगम ने जानकारी दी कि अभियान अभी जारी रहेगा तथा शेष बचे अवैध दुकानों को कल भी हटाकर पूरे क्षेत्र को पूर्ण रूप से अतिक्रमणमुक्त कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस बल को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम ने सभी दुकानदारों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाएं तथा प्रशासन के कार्य में सहयोग करें।
      यह अभियान नगर प्रबंधक सतीश कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान में सेनेटरी एवं फूड निरीक्षक सुनील कुमार मेहता, सेनेटरी निरीक्षक दीपक कुमार महतो, देवघर नगर निगम के होमगार्ड के जवान तथा ट्रैफिक थाना के पुलिस बल की सक्रिय भागीदारी रही। सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने समन्वित रूप से कार्रवाई करते हुए अभियान को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
      नगर निगम ने दोहराया कि श्रावणी मेला अवधि में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और निर्बाध यातायात सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड, मंदिर क्षेत्र तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं अतिक्रमणमुक्त बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *