एसओएफ ओलंपियाड में डीएवी कोडरमा के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लहराया सफलता का परचम
कोडरमा: पीवीएसएस डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया के विद्यार्थियों ने साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन (एसओएफ) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित ओलंपियाड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय, अभिभावकों एवं पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है। यह सफलता एक बार फिर सिद्ध करती है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण, सतत अभ्यास तथा समर्पित शिक्षकों के मार्गदर्शन से विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

विद्यालय की प्रातःकालीन सभा में प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति में विजेता विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाण-पत्र, गिफ्ट वाउचर एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ दीं।
ज्ञात हो कि एसओएफ लेवल-2 की परीक्षा इस वर्ष फरवरी माह में सैनिक स्कूल तिलैया में आयोजित की गई थी। इसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।
इंटरनेशनल साइंस ओलंपियाड (आईएसओ) में कक्षा द्वितीय की सान्या सोनी ने अंतरराष्ट्रीय रैंक-20 एवं जोनल रैंक-11 प्राप्त कर सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस तथा ₹500 का गिफ्ट वाउचर हासिल किया।
नेशनल साइंस ओलंपियाड (एनएसओ) में कक्षा छठी के तन्मय सिंह ने अंतरराष्ट्रीय रैंक-47 एवं जोनल रैंक-1 प्राप्त कर गोल्ड मेडल, सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस तथा ₹5,000 का चेक प्राप्त किया।
इंटरनेशनल सोशल साइंस ओलंपियाड (आईएसएसओ) में कक्षा दसवीं की अरात्रिका सिन्हा ने अंतरराष्ट्रीय रैंक-69 एवं जोनल रैंक-8 प्राप्त कर सर्टिफिकेट ऑफ जोनल एक्सीलेंस तथा ₹500 का गिफ्ट वाउचर अर्जित किया।
इसी प्रकार इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड (आईएमओ) में कक्षा बारहवीं (विज्ञान) के अतुल कुमार मोदी ने अंतरराष्ट्रीय रैंक-433 एवं जोनल रैंक-5 प्राप्त कर सर्टिफिकेट ऑफ जोनल एक्सीलेंस तथा ₹500 का गिफ्ट वाउचर प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
इस अवसर पर प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन की परीक्षाएँ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, विश्लेषणात्मक क्षमता एवं विषयगत ज्ञान का विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को ज्ञान, नवाचार, अनुसंधान, नेतृत्व क्षमता एवं नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण जिम्मेदार नागरिक बनाना है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी अथक मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के निरंतर सहयोग का प्रतिफल है। नियमित अध्ययन, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सतत अभ्यास ही सफलता के मूल मंत्र हैं। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी ऐसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का आह्वान किया।
प्राचार्य ने विश्वास व्यक्त किया कि पीवीएसएस डीएवी पब्लिक स्कूल भविष्य में भी शिक्षा, विज्ञान, गणित एवं अन्य सह-शैक्षणिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ अर्जित कर विद्यालय, राज्य एवं देश का नाम निरंतर गौरवान्वित करता रहेगा।
इस अवसर पर प्राचार्य ने विद्यालय के विज्ञान शिक्षक एवं ओलंपियाड को-ऑर्डिनेटर मनोज सिंह को भी विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया। उन्हें एसओएफ की ओर से प्रदान किया गया ₹1,000 का चेक, बेस्ट को-ऑर्डिनेटर प्रमाण-पत्र तथा ट्रॉफी प्रदान कर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि समर्पित शिक्षक ही विद्यार्थियों की सफलता की सबसे मजबूत आधारशिला होते हैं।

