आज निःशुल्क जन्मजात हृदय रोग जांच शिविर, जरूरतमंद बच्चों का कोच्चि में होगा मुफ्त ऑपरेशन
देवघर: जन्मजात हृदय रोग (सीएचडी) से पीड़ित आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए आज शुक्रवार को एम्स देवघर के आयुष भवन में निःशुल्क जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बच्चों की जांच करेगी।

शिविर में जन्म से लेकर 18 वर्ष तक के ऐसे बच्चों की जांच की जाएगी, जिन्हें जन्मजात हृदय रोग की आशंका है या वे इससे पीड़ित हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद जिन बच्चों को हृदय ऑपरेशन की आवश्यकता होगी, उनका ऑपरेशन अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि में पूरी तरह निःशुल्क कराया जाएगा।
अमृता हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम में पीडियाट्रिक कार्डियक सर्जन डॉ. बृजेश पी. कोट्टायिल, पीडियाट्रिक कार्डियक फिजिशियन डॉ. कृष्णकुमार, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. निसंथ तथा तकनीकी सहयोगी श्री पावक एवं श्री विष्णु शामिल हैं।
ज्ञात हो कि यह पहल रोटरी इंटरनेशनल के गिफ्ट ऑफ लाइफ प्रोजेक्ट के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, स्वास्थ्य विभाग झारखंड सरकार, रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250, एम्स देवघर, अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि तथा रोटरी गिरिडीह के संयुक्त सहयोग से आयोजित की जा रही है।
आयोजकों ने बताया कि रोटरी गिरिडीह लंबे समय से शिक्षा, स्वास्थ्य, नेत्र चिकित्सा, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य करता रहा है।
उन्होंने अपील की है कि झारखंड एवं आसपास के क्षेत्रों के जरूरतमंद बच्चे इस निःशुल्क चिकित्सा सुविधा का लाभ उठायें। उनका कहना है कि यह शिविर केवल एक स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन्मजात हृदय रोग से जूझ रहे बच्चों को नया जीवन देने की एक महत्वपूर्ण पहल है।

