देवघर (शहर परिक्रमा)

16वीं झारखंड राज्य तैराकी प्रतियोगिता: प्रथम दीदी नीलम मेमोरियल स्विमिंग चैंपियनशिप में अनुराग रंजन ने जीता कांस्य पदक

देवघर/रांची: रांची के खेलगांव स्थित स्विमिंग पूल में 24 से 26 जुलाई तक आयोजित 16वीं झारखंड राज्य तैराकी प्रतियोगिता के पहले दिन देवघर के तैराक अनुराग रंजन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
     सीमित संसाधनों के बावजूद नंदन पहाड़ लेक में नियमित अभ्यास कर राज्य स्तर पर पदक हासिल करना अनुराग की मेहनत, लगन और समर्पण का प्रमाण है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे देवघर में खुशी का माहौल है।

       स्विमिंग शार्क एकेडमी के मुख्य कोच सुधाकर चौधरी ने खुशी जताते हुए कहा कि अनुराग की यह सफलता लगातार कड़ी मेहनत और अनुशासित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में देवघर के तैराक राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएंगे। इस अवसर पर कृष्ण कुमार, मुन्ना पासवान एवं नवीन शर्मा ने भी अनुराग को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
      देवघर जिला स्विमिंग संघ के अध्यक्ष सुरेशानंद झा ने कहा कि संघ खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जल्द ही उपायुक्त से मिलकर कुमैठा स्टेडियम स्थित स्विमिंग पूल को एकेडमी के संचालन के लिए उपलब्ध कराने का आग्रह किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सके और भविष्य में देवघर से और अधिक पदक विजेता तैयार हों।
    प्रतियोगिता में टीम के साथ मौजूद देवघर जिला स्विमिंग संघ के आजाद पाठक ने अनुराग की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतियोगिता के शेष दिनों में भी देवघर के खिलाड़ियों से और पदकों की उम्मीद है।
     अनुराग रंजन की इस सफलता पर देवघर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े, डीएसए सचिव आशीष झा, कृष्ण कुमार, विकास वाजपेयी, मुन्ना पासवान, रोहित रंजन तथा नवीन शर्मा सहित खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *