संपत्ति सर्वेक्षण और कर निर्धारण को लेकर देवघर नगर निगम का विशेष अभियान, नागरिकों से सहयोग की अपील
देवघर: नगर निगम ने संपत्ति सर्वेक्षण, सेल्फ असेसमेंट फॉर्म (SAF), संपत्ति कर निर्धारण तथा अभिलेख अद्यतन के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। निगम प्रशासन ने नगर निगम क्षेत्र के सभी संपत्ति स्वामियों से अभियान में सहयोग करने और समय पर अपनी संपत्ति का सही विवरण उपलब्ध कराने की अपील की है।

नगर निगम द्वारा जारी जनहित सूचना के अनुसार, झारखंड नगर पालिका अधिनियम, 2011 की धारा 152(3) के तहत प्रत्येक संपत्ति स्वामी के लिए अपनी संपत्ति का सही एवं पूर्ण विवरण Self Assessment Form (SAF) के माध्यम से देना अनिवार्य है। यदि किसी संपत्ति के Self Assessment में तथ्य छिपाने, कम आकलन (Under Assessment) कराने अथवा अन्य प्रकार की विसंगति पाई जाती है, तो अंतर की कर राशि के साथ 100 प्रतिशत तक जुर्माना लगाया जा सकता है।
निगम ने नागरिकों से अपील की है कि जिन संपत्तियों का अभी तक Self Assessment Form जमा नहीं हुआ है, वे जल्द से जल्द SAF भरकर जमा करें। वहीं जिन संपत्तियों का Property Assessment नहीं हुआ है, उनका तत्काल आकलन कराया जाए। इसके अलावा जिन संपत्तियों में निर्माण, क्षेत्रफल, उपयोग (आवासीय या व्यावसायिक), मंजिल, स्वामित्व अथवा अन्य विवरण में परिवर्तन हुआ है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना रिकॉर्ड अपडेट कराएं।
नगर निगम ने अधिकृत सर्वेक्षण दल को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने की भी अपील की है, ताकि संपत्ति सर्वेक्षण और कर निर्धारण की प्रक्रिया पारदर्शी एवं त्रुटिरहित तरीके से पूरी की जा सके।
निगम प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि झारखंड नगर पालिका अधिनियम, 2011 की धारा 184 के तहत बकाया संपत्ति कर की वसूली एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई का प्रावधान है। इसलिए सभी संपत्ति स्वामियों से समय पर संपत्ति का आकलन कराकर निर्धारित कर का भुगतान करने का आग्रह किया गया है, जिससे ब्याज, 100 प्रतिशत तक जुर्माना एवं अन्य कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
नगर निगम ने कहा है कि संपत्ति कर से प्राप्त राजस्व शहर की स्वच्छता, सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए एक स्वच्छ, व्यवस्थित एवं विकसित शहर के निर्माण में अपना योगदान दें।

