देवघर (शहर परिक्रमा)

डीएवी भंडारकोला में 2 दिवसीय ‘डीएवी राष्ट्रीय खेलकूद’ का हुआ आगाज़

देवघर: जी. डी. डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, भंडारकोला में डीएवी राष्ट्रीय खेलकूद क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिता–2026 (क्लस्टर–X) का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि संतोष कुमार(जिला खेल पदाधिकारी) तथा विशिष्ट अतिथि गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाऊन के प्राचार्य शुभाशीष चट्टराज थे।

    अतिथियों का स्वागत एनसीसी कैडेट्स के द्वारा सलामी और तिलक आरती के द्वारा हुआ। मंच पर अतिथियों का स्वागत सुमधुर स्वागत गीत से हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने रंगारंग झारखंडी लोकनृत्य तथा ऊर्जावान चीयर-अप डांस की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
       इसके बाद मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया गया तथा सभी ने सामूहिक रूप से डीएवी गान प्रस्तुत किया। खेल भावना और अनुशासन के प्रतीक के रूप में विद्यालय के पीटीआई एवं स्पोर्ट्स कैप्टन द्वारा खेल मशाल (टॉर्च) का हस्तांतरण किया गया। इसके उपरांत विभिन्न डीएवी विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन एवं एकता का परिचय दिया।
      विद्यालय के प्राचार्य मो. मुस्तफा माजिद ने अपने स्वागत भाषण में सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से निष्पक्ष खेल भावना के साथ अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
        मुख्य अतिथि संतोष कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में आत्मविश्वास, धैर्य एवं संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। आज ये कलस्टर लेवल पर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी ही राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
     विशिष्ट अतिथि शुभाशीष छत्तराज ने भी खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए खेलों के माध्यम से स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण पर बल दिया।
         इसके पश्चात सभी खिलाड़ियों ने निष्पक्षता, अनुशासन एवं खेल भावना बनाए रखने की शपथ ली। समारोह का समापन शांति एवं मैत्री के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारों के आकाश में विमोचन के साथ हुआ, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण बन गया।
        इस अवसर पर डीएवी परिवार के विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 1000 खिलाड़ी, टीम प्रबंधक, प्रशिक्षक, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। आज और कल होने वाले प्रतियोगिता के अंतर्गत योग, वॉलीबॉल, शतरंज, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, वुशु, ताइक्वांडो, कराटे, रोप स्किपिंग एवं एरोबिक्स सहित कुल 10 खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। अंतिम परिणाम की घोषणा कल होगी। इसकी जानकारी मीडिया प्रभारी अभिषेक सूर्य ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *