दुमका (शहर परिक्रमा)

एसकेएमयू में शुरू हुआ दो दिवसीय कार्यशाला

दुमका: सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका में सोमवार से कुलपति प्रो बिमल प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में दो दिवसीय कार्यशाला शुरू हुई। यह कार्यशाला वनस्पति विज्ञान विभाग, एसकेएम विश्वविद्यालय, दुमका द्वारा ईआईएसीपी पीसी-आरपी, बीएसआई हावड़ा के सहयोग से बायोडायवर्सिटी विषय पर आयोजित की जा रही है। यह दो दिवसीय कार्यशाला है, जिसका पहला दिन सोमवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यशाला में भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (बीएसआई) के वैज्ञानिकों ने पौधों की पहचान, नामकरण और हर्बेरियम बनाने की विभिन्न विधियों पर गहन जानकारी दी। साथ ही विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो बिमल प्रसाद सिंह द्वारा वनस्पति विज्ञान के महत्व को बताया गया। उन्होंने कहा कि ये सभी पेड़-पौधे हमारे जीवन के लिए बहुत ही मूल्यवान हैं। कार्यशाला की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद विश्वविद्यालय के कुलपति, वित्त पदाधिकारी डॉ संजय कुमार सिन्हा, कुलसचिव डॉ राजीव कुमार और वनस्पति विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ एसएल बोंडया ने उद्घाटन भाषण दिया। इसके बाद संसाधन व्यक्ति के रूप में उपस्थित बीएसआई के वैज्ञानिकों ने पौधों की पहचान और वर्गीकरण से लेकर हर्बेरियम बनाने की प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी। इस कार्यक्रम में डॉ. जीवन सिंह जलाल, डॉ. गोपाल कृष्ण, डॉ. सुमन घुमटे, डॉ. श्याम विश्वा और डॉ. जयंती ने अपने अनुभव और ज्ञान को साझा किया। कार्यशाला में विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, शोधार्थी और विद्यार्थी भी शामिल हुए, जिन्होंने इस अवसर का भरपूर लाभ उठाया। कार्यशाला का उद्देश्य वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में शोध और अध्ययन को बढ़ावा देना है और विभिन्न विषयों पर चर्चा और प्रशिक्षण जारी रहेगा। आने वाले दिनों में इस कार्यशाला के दूसरे सत्र में शोध और व्यावहारिक ज्ञान को और अधिक विस्तार से प्रस्तुत किया जाएगा।

संवाददाता: आलोक रंजन