उप विकास आयुक्त ने किया सरकारी योजनाओं का निरीक्षण
दुमका: जिले के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने मंगलवार को गोपीकान्दर प्रखंड क्षेत्र का क्षेत्र भ्रमण किया। सर्वप्रथम उप विकास आयुक्त श्री सिन्हा ने गोपीकान्दर पंचायत स्थित पंचायत ज्ञान केन्द्र का उद्घाटन किया। उद्घाटन के उपरांत उन्होंने पंचायत भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवक से अभिलेखों के बारे में जानकारी लिया। अभिलेखों में कमियों को दूर करने का निदेश दिया। तत्पश्चात उप विकास आयुक्त ने ग्राम दुबराजपुर में मनरेगा योजनाओं का भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन योजना अन्तर्गत वीणा देवी का सिंचाइ कूप को देखा। योजना में खुदाई का कार्य किया गया है। संबंधित रोजगार सेवक एवं कनीय अभियंता को जल्द से जल्द भौतिक कार्य पूर्ण कराने का निदेश दिया। योजना स्थल पर सूचना पट्ट नहीं लगने के कारण संबंधित रोजगार सेवक पर 1000 रू का जुर्माना लगाया गया।
निरीक्षण के क्रम में सुकुरमुनी देवी का सिंचाई कूप योजना जोकि भौतिक रूप से पूर्ण पाया गया। योजना का कार्य संतोषप्रद पाया गया। संबंधित कनीय अभियंता से मापी पुस्त अद्यतन कर अवलोकनार्थ प्रस्तुत करने का निदेश दिया गया। इसी क्रम में बी०पी०एम०, जे०एस०एल०पी०एस० को दीदी की दुकान ग्राम दुबराजपुर में खोलने का निदेश दिया गया।
इसके बाद दुबराजपुर ग्राम के ग्रामीणों के द्वारा खराब चापाकल से संबंधित सूचना दिया गया। जिसपर उप-विकास आयुक्त श्री सिन्हा ने संबंधित पंचायत सचिव को दो दिवसों के अन्दर उक्त खराब चापाकल मरम्मति कराने का निदेश दिया । इस संबंध में संबंधित पंचायत सचिव से स्पष्टीकरण पृच्छा करने का निदेश दिया गया।
इसके बाद ग्राम बारातल्ली में मंगल मुर्मू का तालाब निर्माण का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भौतिक कार्य संतोषप्रद पाया गया। ग्राम बारातल्ली से वापस लौटने के क्रम में ग्राम खेरीबाड़ी में रफाएल मुर्मू का आम बागवानी योजना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में लाभुक को सुरक्ष गड्ढा चारो तरफ खोदने का निदेश दिया गया।
क्षेत्र भ्रमण से लौटने के पश्चात् प्रखंड सभागार में सभी पंचायत सचिव, कनीय अभियंता, रोजगार सेवक तथा पर्यवेक्षकों के साथ बैठक कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सभी पंचायत सचिवों अपने-अपने क्षेत्र अन्तर्गत सभी खराब चापाकलों को चिन्हित कर माह मई 2025 तक 15 वीं वित्त की राशि से मरम्मति करने का निदेश दिया गया। मनरेगा अन्तर्गत माह मई 2025 तक सभी सिंचाई कूप पूर्ण कराने का निदेश दिया गया। सभी पी०एम०जनमन तथा आबुआ आवास में संबंधित रोजगार सेवकों को डिमांड की प्रविष्टि कराने का निदेश दिया गया। बी.पी.एम. जे.एस.एल.पी.एस. को सभी ग्रामों में दीदी की दुकान खोलने तथा राजकीय उच्च मार्ग के किनारे दीदी का ढाबा खोलने का निदेश दिया गया।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, गोपीकान्दर, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा, प्रखंड समन्वयक, आवास, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित हुए।
संवाददाता: आलोक रंजन