देवघर (शहर परिक्रमा)

AIIMS देवघर में DEXA मशीन की हुई शुरुआत

देवघर: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), देवघर ने एक महत्वपूर्ण चिकित्सा सुविधा की शुरुआत करते हुए अत्याधुनिक DEXA (Dual-Energy X-Ray Absorptiometry) मशीन का शुभारंभ किया। यह मशीन हड्डियों की मजबूती और बीमारियों की सटीक जांच के लिए अत्यधिक उपयोगी मानी जाती है।


    इस सुविधा का उद्घाटन प्रो. डॉ. सौरभ वार्ष्णेय, कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), AIIMS देवघर के द्वारा किया गया। उन्होंने संस्थान के मरीज केंद्रित दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए इस सुविधा की स्थापना में अहम भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट कर्नल अभिक दास, उप निदेशक, तथा प्रो. डॉ. सत्य रंजन पात्रा, चिकित्सा अधीक्षक ने विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाग लिया।
       मौके पर कार्यकारी निदेशक प्रो. डॉ. सौरभ वार्ष्णेय ने बताया की DEXA मशीन हड्डियों के खनिज घनत्व (BMD) की जांच करने वाली आधुनिक तकनीक है। यह ऑस्टियोपोरोसिस, फ्रैक्चर जोखिम तथा हड्डी की अन्य बीमारियों की प्रारंभिक पहचान में सहायक है। यह जांच पूरी तरह से सुरक्षित, तेज और कम विकिरण के साथ की जाती है, जो विशेष रूप से बुजुर्गों और महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी है।
     ज्ञात हो कि DEXA मशीन की स्थापना से न केवल इलाज की सुविधा सुलभ होगी, बल्कि हड्डी स्वास्थ्य के क्षेत्र में अनुसंधान को भी गति मिलेगी। इस दिशा में ऑर्थोपेडिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष राज के तकनीकी सुझावों और मार्गदर्शन ने भी उपयोगी भूमिका निभाई है।