डीएवी कोडरमा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
आज 21 जून को डीएवी पब्लिक स्कूल झुमरी तिलैया, कोडरमा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सीबीएसई के निर्देशन के तहत बच्चों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर ‘माय गवर्नमेंट प्लेटफार्म’ पर बच्चों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर क्विज कंपटीशन में भाग लेकर शत- प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित कर सर्टिफिकेट प्राप्त किया। विद्यालय के बच्चों में यीशु, सरगम, नायशा , अनन्या ,रोशनी ,आकृति सिंह, सभ्यता, साक्षी ने विद्यालय में , निबंध लेखन प्रतियोगिता ,योग गीत, जिंगल कन्टेंट,आर्टिकल्स एवं अन्य कार्यक्रमों में भाग लेकर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाया। वहीं पर राजवीर सिंह सलूजा , उदय शंकर ,आकृति सिंह, दिव्यांश मालवा ,प्रिंस कुमार ने क्विज प्रतियोगिता में भाग लिया ।

विद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के शुभावसर पर विद्यालय के प्राचार्य, सभी शिक्षक शिक्षिकाओं,शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं बच्चों ने शारीरिक एवं मानसिक संतुलन को सुदृढ़ रखने के लिए योगासन एवं प्राणायाम किया। योग तथा प्राणायाम की हमारे जीवन में अहम भूमिका होती है। कार्यक्रम के तहत विद्यालय के शारीरिक शिक्षक उज्जल घोष ने विद्यालय के सभी लोगों को योग के विभिन्न आसनों अनुलोम -विलोम, कपालभांति ,सूर्य नमस्कार ,वज्रासन ,भुजंगासन, चक्रासन , ताड़ासन, धनुरासन ,भस्त्रिका, प्राणायाम की विभिन्न योग मुद्राओं को सिखाया तथा जीवन में योगासन एवं प्राणायाम हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है इस बात को साझा किया। सभी लोगों ने बड़े जोश एवं उत्साह के साथ योगासन किया।
मौके पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी लोगों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि योग छात्रों को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करता है तथा स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करता है। बच्चों ने जिस तरह अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सीबीएसई द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में शत- प्रतिशत सहभागिता के द्वारा अपनी बौद्धिक , शारीरिक और मानसिक चेतना को जागृत किया। यह बड़े ही गर्व की बात है। योग का नियमित अभ्यास युवा शरीर में ताकत, लचीलापन ,शारीरिक संतुलन एवं समग्र शारीरिक विकास को बढ़ावा देता है। यह हमारे सकारात्मक व्यवहार को प्रोत्साहित करता है। हमारे जीवन शैली से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं मोटापा, रक्तचाप, मानसिक स्वास्थ्य आदि विकारों को रोकने में सर्वथा सहायक सिद्ध होता है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। इस बात को ध्यान में रखकर हमें अपने स्वास्थ्य के प्रति हमेशा सचेत रहना चाहिए। हमें अपने व्यस्ततम समय से कुछ क्षण निकाल कर योग तथा प्राणायाम को प्रतिदिन के क्रियाकलापों में अवश्य शामिल करना चाहिए तभी हम स्वस्थ जीवन शैली जी सकते हैं। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों में कुमार सतीश सिंह, जयदेव आचार्या ,बलराम मिश्रा, उज्जल घोष, दिनेश कुमार दुबे,पी बी खड़ंगा ,ज्योती, चांदनी दुबे ,खुशबू कुमारी , निधी अम्बष्टा,मोहम्मद अली, राय राकेश, संदीप कुमार तथा अन्य शिक्षक- शिक्षिकाओं का योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ से हुआ।

