डीएवी भंडारकोला में वृहद पैमाने पर 11वां योग दिवस मनाया गया
देवघर: गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारकोला में आज 11 वां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। विदित हो कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में इस दिन को मनाने का प्रस्ताव रखा था और उसकी मंजूरी मिलने के बाद योग दिवस की शुरुआत 2014 में हुई। इसके बाद पहला योग दिवस 21 जून 2015 को मनाया गया। इस वर्ष योग दिवस का थीम है “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग।”इस अवसर पर स्कूल में और स्कूल के बाहर भी गीता देवी डीएवी के बच्चों के द्वारा कई कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज की गई ।

सबसे पहले स्कूल में बच्चों को खेल प्रशिक्षक सत्यवीर यादव,राजीव लोचन और राहुल कुमार के निर्देशन में आस्था और सुमन घड़ीदार ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, चक्रासन और प्राणायाम का अभ्यास करवाया। खेल प्रशिक्षक आशुतोष कुमार और प्रवीर कुमार के निर्देशन में स्कूल के लगभग 100 बच्चों ने जिला प्रशासन और ईसीएल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में डीएवी का प्रतिनिधित्व करते हुए योगाभ्यास किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी विशेष रूप से मौजूद थीं। देवघर कॉलेज परिसर में एनसीसी 36 झारखंड बटालियन के द्वारा आयोजित योग दिवस के कार्यक्रम में स्कूल की ओर से 21 एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। ए.एन.ओ परेश ब्रह्मा के निर्देशन में कैडेट अनन्या एंजल ने योगाभ्यास करवाया।वर्ग एलकेजी से बारहवीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वर्ग एलकेजी से II तक के बच्चे के लिए योगा डे सेलिब्रेशन वर्ग 3 से पांच के लिए योग दिवस पर क्राफ्ट बनाओ,वर्ग VI से आठवीं के लिए योग की विभिन्न मुद्राओं का पोस्टर बनाओ और योग के फायदे बताओ तथा वर्ग IX से XII के लिए योग दिवस पर बुलेटिन बोर्ड सजाने की प्रतियोगिता करवाई गई।
इसके साथ-साथ आर्ट ऑफ लिविंग के निशांत जी ने बच्चों को मेडिटेशन और शिक्षकों को योगाभ्यास करवाया। सभा को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य बलराम कुमार झा ने कहा कि योग वैदिक काल से चला आ रहा है और आधुनिक युग में भी काफी उपयोगी और प्रभावी साबित हो रहा है।योग से ऐसी शक्ति मिलती है जो कि सम्पूर्ण मानवता के लिए लाभकारी है। योग व्यक्ति का न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास करता है बल्कि चारित्रिक विकास में भी सहायक होता है। यह हमें शारीरिक और मानसिक रूप से तनाव मुक्त करता है। इस कार्यक्रम में रेड रोज स्कूल के प्राचार्य अनिल पांडे, डॉ एस.सी.नायक,संताल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आलोक मल्लिक , रणधीर जी के अलावा अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद थे।

