विवेकानंद संस्थान नीट में सफलता हेतु अनुष्का कुमारी को मोमेंटो देकर करेगा सम्मानित
देवघर: तीन दिवसीय स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर आगामी 6 जुलाई को स्थानीय विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान के बैनर तले आयोजित समारोह में अनुष्का कुमारी को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में सफलता प्राप्त हेतु, वेक्सो इंडिया के केंद्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव एवं अन्य अतिथियों द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित की जाएगी।

उसने कठिन परिस्थितियों और जीवन की चुनौतियों को मात देते हुए इस परीक्षा में 543 अंक अर्जित कर ऑल इंडिया रैंक 15,639 और ओबीसी श्रेणी में 6,871वीं रैंक प्राप्त की है। स्व. रविकांत सिन्हा एवं श्रीमती रिंकू सिन्हा की एकमात्र बेटी अनुष्का की पढ़ाई रेड रोज प्लस टू स्कूल से हुई, तत्पश्चात् उसने ए.एस. महाविद्यालय से बारहवीँ की परीक्षा पास की। यह सफलता न केवल उनके अथक परिश्रम और संकल्प का प्रतीक है, बल्कि उनके परिवार और शिक्षकों के अटूट सहयोग की भी मिसाल है।

उसके पिता स्व रविकांत सिन्हा का निधन उस समय हो गया था जब वह केवल चार वर्ष की थीं। इसके बाद उनकी माँ रिंकू सिन्हा ने अकेले दम पर न सिर्फ उन्हें पाला-पोषा, बल्कि हर कठिनाई का सामना करते हुए उन्हें एक उज्ज्वल भविष्य की दिशा दी। उनके दोनों भाई रौनक कुमार और रौशन कुमार भी हर कदम पर उनके साथ खड़े रहे और उनका मनोबल बढ़ाते रहे। उसने अपनी सफलता का सारा श्रेय परिवार के साथ साथ गुरुकुल संस्थान के संस्थापक ई. रवि शंकर एवं डॉ. एकता रानी को समर्पित करने की तमन्ना रखती है। उसका अगला लक्ष्य एक कुशल और संवेदनशील डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है, ताकि वह अपने जीवन की चुनौतियों को दूसरों की मदद का जरिया बना सकें। अनुष्का सफलता के बारे में कहती है – स्पष्ट रूप से परिभाषित लक्ष्य सफलता की दिशा में पहला कदम है, बिना मेहनत के सफलता पाना असंभव है, सकारात्मक सोच और दृष्टिकोण सफलता की राह में महत्वपूर्ण है, खुद पर विश्वास करना सफलता के लिए आवश्यक है, सफलता के लिए धैर्य और दृढ़ता की आवश्यकता होती है, हमेशा कुछ नया सीखते रहने से विकास होता है, योजना बनाकर काम करने से सफलता की संभावना बढ़ जाती है, अपनी गलतियों से सीखकर आगे बढ़ना सफलता की कुंजी है, समय का सदुपयोग और अनुशासन सफलता के लिए जरूरी है, कभी भी हार न मानना और लगातार प्रयास करते रहना सफलता का एक महत्वपूर्ण नियम है।

