फुटबॉल: सरैयाहाट को शिकस्त देकर दुमका एकबार फिर से बना चैंपियन
दुमका: झारखंड शिक्षा परियोजना दुमका के तत्वावधान में दुमका के कमारदुधानी स्थित फुटबॉल मैदान में गत 07 जुलाई से जारी जिलास्तरीय सुब्रतो मुखर्जी अन्तर्राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया।आखिरी दिन विभिन्न प्रखंडों में आयोजित प्रखंडस्तरीय प्रतियोगिता में जीतकर आये 14 वर्ष से कम उम्र के स्कूली बच्चों ने अपने अपने प्रखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। इसी मैदान में गुरुवार से प्रमंडलस्तरीय सुब्रतो मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी।

दुमका प्रखंड की गुहियाजोरी की टीम ने फाइनल मुकाबले में जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरैयाहाट को 03-00 से परास्त कर इस वर्ष भी खिताब पर कब्जा जमा लिया। टाइब्रेकर में काठीकुंड ने शिकारीपाड़ा ने शिकारीपाड़ा को 05-04 के अंतर से परास्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इससे पूर्व पहले सेमीफाइनल मुकाबले में दुमका ने शिकारीपाड़ा को 04-00 से तथा दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में सरैयाहाट ने काठीकुंड को 01-00 से मात देकर फाइनल में अपना स्थान बनाया था। नाकआउट चरण में गोपीकांदर ने रामगढ़ को,शिकारीपाड़ा ने मसलिया को,सरैयाहाट ने जामा को, दुमका ने गोपीकांदर को, काठीकुंड ने रानेश्वर को परास्त कर सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था।
प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करनेवाली टीम को चमचमाती ट्राफी और प्रत्येक खिलाड़ी को मेडल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किये गये।
आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले तमाम टीम के खिलाड़ियों के लिए निर्धारित मानक का सख्ती से पालन किया जा रहा है। सर्वप्रथम खिलाड़ियों का जन्मप्रमाण, प्रधानाध्यापक द्वारा तमाम दस्तावेजों का सत्यापन एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज। तत्पश्चात् टेक्निकल टीम द्वारा तमाम बच्चों के दांत गिने जाते हैं,जो 28 से ज्यादा न हों। इसके अलावा खिलाड़ियों के नाखून एवं शरीर में धारण किए अन्य परिधानों की भी बारीकी से जांच की जाती है, ताकि खेलते समय किसी अन्य खिलाड़ी को चोट न लगे।
प्रतियोगिता के सफलतापूर्वक संचालन में झारखंड शिक्षा परियोजना के क्षेत्र प्रबंधक सूरज पांडेय,शिक्षक मदन कुमार,शारीरिक शिक्षक क्रमशः ज्ञानप्रकाश ठाकुर,अमित कुमार,सुमन कुमार,मोइम अंसारी,कुमार नवनीत, शिवराम सिमोन टुड्डू,असीम हेम्ब्रम,प्रीतम मरांडी,जोसेफ मुर्मू,मानवेन्द्र कुमार,राजेश कुमार सरोज,सचिन कुमार,जूली किरण मुर्मू ,संतोष कुमार पटेल,दीपांकर कुमार मंडल,सुहागिनी मुर्मू,रामानंद घोष के साथ रेफरी के रुप में इग्न्यायुस टुड्डू,पिंटू मुर्मू,उमेश टुड्डू तथा लारेंस मुर्मू आदि की भूमिका अहम रही।
संवाददाता:- आलोक रंजन

