स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि होंगे माननीय राज्यपाल: उपायुक्त
दुमका: समाहरणालय के सभागार कक्ष में बुधवार को जिले के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस समारोह 2025 को लेकर तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक को संबोधित करते हुएउपायुक्त श्री सिन्हा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में माननीय राज्यपाल मुख्य अतिथि होंगे, जो पूर्वाह्न 9:00 बजे पुलिस लाइन, दुमका में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी तैयारियाँ समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने मंच पर प्रोटोकॉल के अनुसार बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने, नगर की साफ-सफाई एवं साज-सज्जा को प्राथमिकता देने तथा चौक-चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस लाइन में होने वाले मुख्य कार्यक्रम के सुचारू संचालन हेतु विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि शहर को पूर्णतः स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जाए।
परेड मैदान में जलजमाव की समस्या न हो, इसके लिए मैदान को समतल करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, प्रेस प्रतिनिधियों एवं आमजन की बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, बायो-टॉयलेट, अग्निशमन वाहन की तैनाती सहित अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए।
बैठक में जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी,संबंधित विभाग के अधिकारी एवं सिविल सोसायटी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
संवाददाता :-आलोक रंजन

