देवघर (शहर परिक्रमा)

मनाया गया भारत विकास परिषद का स्थापना दिवस

आज भारत विकास परिषद की स्थापना दिवस के अवसर पर बैद्यनाथ धाम शाखा, देवघर द्वारा बाल भारती स्कूल में भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय संस्थापित शोभा सिंह द्वारा भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्जवलन से किया गया। शाखा सचिव प्रो. शम्भूनाथ मिश्रा द्वारा मंगलाचरण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

शाखा सदस्य प्रो.अरविंद कुमार झा ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं को विकास परिषद के संस्थापक सूरज प्रकाश के व्यक्तित्व और परिषद के उद्देश्य से अवगत कराया। संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण को व्याख्यायित करते हुए बताया कि किस प्रकार भारत विकास परिषद के उद्देश्य पथ पर हमलोग निरंतर अग्रसर हैं। उन्होंने छात्राओं को जंक फूड्स की जगह पौष्टिक आहार को अपनाने की सलाह दी। शाखा के कोषाध्यक्ष चंचल कोठारी ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। स्थापना दिवस को महज स्थापना दिवस के रुप में मनाया जाना ही नहीं अपितु उसके लक्ष्य की दिशा निरंतर कार्य करना भी जरुरी है; इस बात पर बल दिया। शाखा की अध्यक्षा प्रो. राखी रानी ने आज का कार्यक्रम छात्राओं को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि देश की बच्चियों को स्वस्थ, सशक्त बनाने के लिए उन्हें शारीरिक रूप से सशक्त होने की जरुरत है तभी वे वर्तमान जीवन पथ की प्रतिकूलता का सामना कर सकती हैं ताइक्वांडो प्रशिक्षिका मिस प्रिया ने इस अवसर पर छात्राओं को सेल्फ डिफेंस के विभिन्न स्टेप्स सिखाया। छात्राओं ने जोश खरोश के साथ इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और स्वयं को स्वस्थ और सशक्त बनाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर विद्यालय संस्थापिका ने इस तरह के आयोजन निरंतर विद्यार्थियों के बीच कराते रहने की बात कही। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अनुशासनात्मक व्यवस्था के साथ कार्यक्रम को पूरा करने में सहज सहयोग किया । वे काफी उत्साहित थे और उनहोंने भविष्य में पुन:इस तरह के सार्थक कार्यक्रम के आयोजन के लिए आमंत्रण भी दिया। विद्यालय के छात्र- छात्रायें तथा शिक्षक- शिक्षिकाओं की भव्य उपस्थिति में कार्यक्रम सफल हो सका। राष्ट्रगान से कार्यक्रम का समापन हुआ ।