पं. शिवराम झा की 46वीं पुण्यतिथि पर प्रतिदिन 10 पौधों के वितरण का संकल्प
आज महामना पं. शिवराम झा की 46वीं पुण्यतिथि पर उनके वंशज (परपोता) सुशोभित झा द्वारा आजीवन प्रतिदिन 10 पौधों के वितरण का संकल्प लिया गया। इस अभियान का नाम ‘सुशोभित संकल्प’ रखा गया है। इस अवसर पर आज आम्रपाली आम के 5 फीट से ऊपर के 10 पौधे अलग-अलग कृषकों को दान दिए गए।

कौन थे पंडित शिवराम झा?

पं. शिवराम झा का नाम एक स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक, महिला शिक्षा के पैरोकार, कई विद्यालयों के संस्थापक व देवघर की अग्रणी संस्था हिंदी विद्यापीठ के संस्थापक के रूप में है। देश के अंतिम स्वतंत्रता आंदोलन यानी 1942 की क्रांति में देवघर से उनका योगदान सर्वोपरि रहा है।
वे परोपकार करने में मूर्धन्य थे। पेड़ों की तरह सेवाभाव ही उनकी जीवनचर्या थी। उनकी जन्मतिथि 14 नवंबर 1894 थी। उनका परलोक गमन 10 जुलाई 1979 को हुआ था। हिन्दी तिथि के अनुसार यह दिवस गुरु पूर्णिमा था। संयोगवश इस बार भी यह अंग्रेजी तारीख हिंदी की गुरु पूर्णिमा है।
कौन हैं सुशोभित झा?

स्व. सुधीर कुमार झा और श्रीमती मीणा झा के 30 वर्षीय सुपुत्र सुशोभित झा पूर्व से ही समाजसेवी रहे हैं इन्होंने कोरोना के दौरान विषणपुर ग्राम में लगातर 3 महीने तक रोजाना 300-400 लोगों को भोजन कराया। वहीं अबतक लगभग 15-20 हजार पपीता का पेड़ बांटकर पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जता चुके हैं और अब आजीवन प्रतिदिन 10 पौधों के वितरण का संकल्प लिया है।
सुशोभित झा का कहना है कि देवघर के सम्पूर्ण प्रक्षेत्र को हरा-भरा रखने का यह उद्देश्य आजन्म चलता रहेगा ताकि यहां का भूजल स्तर और वन परिक्षेत्र उत्तरोत्तर वृद्धि करता रहे।

