डीएवी कोडरमा में क्लस्टर स्तरीय कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन
कोडरमा: पी वी एस एस डीएवी पब्लिक स्कूल में डीएवी स्पोर्ट्स (2025) के अंतर्गत क्लस्टर स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह, डी ए वी तोपा के प्राचार्य एवं ऑब्जर्वर आर. के. सिन्हा तथा गणमान्य अतिथि संजीवन परमार ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

दीप प्रज्वलन के उपरांत खेल ध्वजारोहण तथा रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता की विधिवत शुरुआत की गई। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिसने सभी अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।

कबड्डी प्रतियोगिता में डीएवी नॉर्थ तापिन, डीएवी बरकाकाना और डीएवी कोडरमा की टीमों ने भाग लिया। अंडर-14 बालकों के वर्ग में पहला मैच डीएवी नॉर्थ तापिन और डीएवी बरकाकाना के बीच खेला गया, जिसमें डीएवी नॉर्थ तापिन ने 39 अंकों से शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में उसका सामना डीएवी कोडरमा से हुआ, जहाँ उसने उसे पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
अंडर-17 बालक वर्ग के सेमीफाइनल में डीएवी कोडरमा ने डीएवी तापिन को मात्र तीन अंकों से हराया और फिर फाइनल में डीएवी कोडरमा डी ए वी बरकाकाना को पराजित कर विजयी बनी।
बालिकाओं के अंडर-14 फाइनल में डीएवी कोडरमा और डीएवी बरकाकाना के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें डीएवी बरकाकाना ने जीत दर्ज की। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल में डीएवी तापिन ने डीएवी कोडरमा को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेताओं एवं उपविजेताओं को प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह एवं प्राचार्य सह ऑब्जर्वर आर. के. सिन्हा द्वारा मेडल और शील्ड प्रदान की गई।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर डीएवी रजरप्पा के प्राचार्य सह डीएवी स्पोर्ट्स क्लस्टर हेड डॉ. एस. के. शर्मा एवं डीएवी बरही के प्राचार्य आशुतोष कुमार ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।

