भारतीय स्टेट बैंक द्वारा मासव्यापी कांवरिया सेवा शिविर का हुआ उद्घाटन
देवघर: आज दिनांक 11. 07.25 को हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भारतीय स्टेट बैंक द्वारा कांवरियों की सेवा हेतु कांवरिया सेवा शिविर का आयोजन मानसरोवर हाइट्स के सामने (तिवारी चौक के निकट) किया गया, जिसका शुभारंभ भारतीय स्टेट बैंक के उपमहाप्रबंधक एस. सत्यनारायण राव के द्वारा किया गया।

मौके पर जानकारी दी गई कि इस सेवा शिविर का उद्देश्य देवघर आने वाले बोल बम कांवरियों को 30 दिनों तक 24×7 जल, शरबत, नींबू पानी और फल की सेवा प्रदान करना है। यह शिविर बैंक के कर्मचारियों, अधिकारियों और उनके परिजनों के सहयोग से संचालित होता है। जानकारी हो कि सेवानिवृत्त कर्मचारी भी इस शिविर में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं।

उद्घाटन के अवसर पर उपमहाप्रबंधक एस. सत्यनारायण राव ने कहा कि मानव सेवा ही माधव सेवा है। जब हम कांवरियों की सेवा करते हैं, तो ऐसा अनुभव होता है मानो स्वयं शिव की सेवा कर रहे हों। जब प्यासे कांवरियों को जल पिलाते हैं, तो वह क्षण रुद्राभिषेक के समान पावन प्रतीत होता है। यह सेवा शिविर विगत 13 वर्षों से निरंतर संचालित हो रहा है, और इस बार भी उसी निष्ठा एवं समर्पण भाव से इसे आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक प्रशांत कुमार झा ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक सदैव समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को प्राथमिकता देता है। यह शिविर हमारी CSR गतिविधियों का जीवंत उदाहरण है, जो पूर्णतः कर्मचारियों और अधिकारियों के व्यक्तिगत योगदान से संचालित होता है।
कार्यक्रम में विभिन्न शाखाओं के मुख्य प्रबंधक, सहायक महाप्रबंधक, साथ ही कर्मचारी संघ के अध्यक्ष एवं महासचिव की उपस्थिति रही।

