देवघर (शहर परिक्रमा)

चेतना विकास ने चलाया मानव दुर्व्यापार के खिलाफ जागरूकता अभियान


जस्ट राईट फॉर चिल्ड्रेन एलायंस के अंतर्गत कार्यरत सामाजिक संस्था चेतना विकास द्वारा विश्व मानव दुर्व्यापार विरोधी दिवस पखवाड़ा (15 से 30 जुलाई) के अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सहयोग से जसीडीह रेलवे स्टेशन पर एक सघन जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों और आम नागरिकों को मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध के प्रति सतर्क करना, बाल संरक्षण प्रणाली को मजबूत करना तथा संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर समय रहते हस्तक्षेप सुनिश्चित करना था।

इस मौके पर चेतना विकास के कार्यकर्ताओं, चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) के प्रतिनिधियों और RPF के जवानों ने मिलकर यात्रियों के बीच पंपलेट, पोस्टर और ऑडियो संदेशों के माध्यम से जागरूकता फैलाई।
संस्था की निदेशिका रानी कुमारी ने बताया कि इस पहल के तहत न केवल बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा रही है, बल्कि आम जनता को भी यह बताया गया कि आपातकालीन नंबर 112 और बाल सहायता नंबर 1098 के माध्यम से वे ज़रूरत पड़ने पर तुरन्त मदद प्राप्त कर सकते हैं या बच्चों की सहायता हेतु कॉल कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा, “मानव तस्करी केवल एक अपराध नहीं, बल्कि मानव गरिमा पर हमला है. ऐसे अभियानों से हम न केवल बच्चों को बचा सकते हैं, बल्कि समाज में एक सशक्त और सतर्क माहौल भी तैयार कर सकते हैं।”
यह अभियान जिला और राज्य स्तर पर बच्चों के सर्वांगीण विकास, उनकी सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करेगा। चेतना विकास की यह पहल दर्शाती है कि जब प्रशासनिक एजेंसियां और सामाजिक संगठन साथ मिलकर काम करें, तो बदलाव संभव है।

One thought on “चेतना विकास ने चलाया मानव दुर्व्यापार के खिलाफ जागरूकता अभियान

  • Vivek kumar singh

    यह बहुत ही सराहनीय कार्य हैं जिससे मानव जीवन के भविष्य बच्चों से ही जुडा हैं हमें इस कार्य में सहयोगी बनना चाहिए।

Comments are closed.