अमृत 2.0 योजना के तहत देवघर में तालाबों की देखरेख का जिम्मा स्वयं सहायता समूहों को सौंपा गया
देवघर: देवघर नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत निर्मित जल संसाधनों के बेहतर रख-रखाव और जल प्रबंधन हेतु नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस पहल के अंतर्गत कुंडा बड़का बांध और घनगौर तालाब की देखरेख का जिम्मा स्थानीय स्वयं सहायता समूहों को सौंपा गया है।

नगर आयुक्त महोदय द्वारा जारी कार्यादेश के अनुसार, भवानी स्वयं सहायता समूह को कुंडा बड़का बांध का संचालन और रख-रखाव कार्य सौंपा गया है, जबकि राधा रानी स्वयं सहायता समूह को घनगौर तालाब की देखरेख का दायित्व दिया गया है। यह कार्यादेश एक वर्ष के लिए जारी किया गया है।
नगर निगम का उद्देश्य है कि स्थानीय स्तर पर महिलाओं को सशक्त बनाते हुए जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। इस पहल से न केवल जल स्रोतों की स्वच्छता और उपयोगिता में सुधार होगा, बल्कि स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी एक नई राह मिलेगी।
नगर निगम द्वारा यह भी आशा जताई गई है कि इन समूहों की सक्रिय भागीदारी से शहर में जल संरक्षण की दिशा में एक स्थायी और प्रभावी मॉडल स्थापित हो सकेगा।

