दूसरी सोमवारी पर डिवाईन पब्लिक स्कूल द्वारा काँवारियों की हुई सेवा
देवघर: नंदन पहाड़ रोड स्थित डिवाईन पब्लिक स्कूल (10+2) देवघर के द्वारा लगातार 16 वर्षों से प्रत्येक सोमवारी पर बाबा धाम आने वाले काँवारियों की सेवा की जा रही है। इसमें विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी व विद्यालय के छात्रों का सहयोग रहता है। इसी क्रम में आज सावन की दूसरी सोमवारी पर विद्यालय की ओर से बहुत ही उत्साहपूर्वक काँवरियों की सेवा की गई। चुंकि आज काँवारियों की भीड़ काफ़ी ज्यादा थी और कतार विद्यालय के मुख्य द्वार के समीप से गुजर रही थी जिस कारण सेवा विद्यालय प्रांगण से ही की जा रही थी जिससे बच्चों व शिक्षकों में काफ़ी उत्साह था।

सेवा के अंतर्गत आज निःशुल्क फल, पानी, फ़्रूटी, शरबत व चाय काँवरियों को पिलाई गई साथ ही जिन काँवरियों के पैरों में दर्द था उनके पैरों पर स्प्रे लगाकर राहत पहुँचाने का प्रयास भी किया गया। थके हुए काँवरियों के बैठने के लिए कुर्सीयों की भी व्यवस्था दी गई थी। जिससे बहुत से काँवारियों को राहत मिली और नए जोश के साथ वे बाबा को जल चढ़ाने के लिए आगे बढे।

कतार में आगे बढ़ रहे काँवरियों का उत्साह बढ़ाने के लिए बोल बम के जयकारे व बोल बम के गाने बजाये गए जिससे कतारबद्ध काँवरियों का उत्साह काफ़ी बढ़ गया। विद्यालय के समीप से गुजरने वाले काँवरियों का उत्साह देखने लायक था। काँवरिये विद्यालय के बच्चों के हाथों से सेवा पाकर और भोले के गानों को सुनकर काफ़ी प्रसन्न और झूमते दिखे। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ममता किरण ने भगवान शिव से कामना की कि उनका आशीर्वाद विद्यालय परिवार पर सदा बना रहे और काँवरियों की सेवा में लगे बच्चों का भविष्य उज्ज्वल हो।

