डीएवी कोडरमा में वन महोत्सव का सारगर्भित व मनमोहक छटा
कोडरमा: पी वी एस एस डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में वन महोत्सव का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर कोडरमा वन प्रभाग के डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (डीएफओ) श्री सौमित्र शुक्ला मुख्य अतिथि, भारतीय वन सेवा के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गरिमामय स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसे मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य महोदय ने संयुक्त रूप से संपन्न किया।

अपने स्वागत भाषण में प्राचार्य श्री सिंह ने कहा कि वन महोत्सव न केवल पर्यावरण संरक्षण की भावना को सशक्त करता है, बल्कि विद्यार्थियों एवं समाज में प्रकृति के प्रति जागरूकता भी उत्पन्न करता है। उन्होंने कहा, “वृक्ष धरा की शान हैं—इन्हीं से जीवन सुरक्षित है। हमें वनों की कटाई को रोकने औरअधिकाधिक वृक्षारोपण करने की दिशा में गंभीर प्रयास करने चाहिए।” उन्होंने सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की भी सराहना की। मुख्य अतिथि श्री शुक्ला ने विद्यालय परिवार को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा, “डीएवी कोडरमा शिक्षण के साथ-साथ सांस्कृतिक, सामाजिक एवं पर्यावरणीय गतिविधियों में भी जिले में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है।” उन्होंने बच्चों के प्रस्तुत कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि, “पर्यावरण की रक्षा हम सभी का नैतिक दायित्व है। वृक्षारोपण एवं संरक्षण ही स्थायी जीवन शैली का आधार है।” उन्होंने सभी बच्चों से आह्वान किया कि वे अपने घरों और आस-पास खाली स्थानों में एक-एक पौधा अवश्य लगाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। पौधारोपण के पश्चात उसका संरक्षण बहुत जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा पौधारोपण और पर्यावरण पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। नायशा एंड ग्रुप ने स्वागत गीत व ‘पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ’ थीम पर गीत प्रस्तुत किया।आभ्या श्री एंड ग्रुप ने ‘काले-काले बदरा’ गीत पर नृत्य कर सबका मन मोह लिया। कुमुद और अनिक ने ‘पेड़-पौधे लगाने चलो’ पर मनमोहक प्रस्तुति दी।वैष्णवी और संस्कृति ने ‘पेड़ बचाओ, धरा बचाओ’ पर एक प्रभावशाली लघु नाटक प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उर्वशी एंड ग्रुप ने बांग्ला लोकनृत्य ‘पलाश फूले’ के माध्यम से सांस्कृतिक विविधता को दर्शाया।अनाया, तहरीन, आशी पटेल, साक्षी पासवान, आदि श्री, वैभव और सनाया आदि बच्चों ने ‘जंग छिड़ी है आज यहां, हम कर रहे हैं ऐलान’ थीम पर प्रस्तुति देकर वन्य जीवों की सुरक्षा का संदेश दिया। पूरे सप्ताह वन महोत्सव को समर्पित कार्यक्रमों की श्रृंखला पूरे जुलाई महीने में चलाई गई, जिसमें प्रार्थना सभा तथा कक्षा में शपथ, स्लोगन प्रतियोगिता, भाषण, वाद विवाद प्रतियोगिता, क्विज़, पेंटिंग सह पोस्टर मेकिंग जैसी गतिविधियाँ शामिल रहीं। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि, प्राचार्य, एन सी सी कैडेट्स एवम शिक्षकों द्वारा विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम का संचालन उजेषा मंडल और श्रेयषी ने संयोजित ढंग से किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ शिक्षक कुमार सतीश सिंह ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के समस्त शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

