देवघर (शहर परिक्रमा)

दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन


देवघर: झारखंड के जननायक और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर आज देवघर जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा गहरा शोक व्यक्त किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रो. उदय प्रकाश की अगुवाई में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेसजनों ने भारी संख्या में भाग लिया।


सभा की शुरुआत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रखकर की गई। उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए उनके संघर्षपूर्ण जीवन,आदिवासी समाज के प्रति उनके योगदान और सामाजिक न्याय की लड़ाई को याद किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रो. उदय प्रकाश ने कहा, “दिशोम गुरु न केवल झारखंड आंदोलन के प्रणेता थे, बल्कि उन्होंने आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्गों के हक और अधिकार के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका निधन पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है।”
देवघर जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष डॉ. मुन्नम संजय ने गुरुजी को याद करते हुए कहा, “शिबू सोरेन जी ने अपने पूरे जीवन को आदिवासी समाज, वंचितों और शोषितों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। महाजनी प्रथा एवं नशा उन्मूलन पर जन आंदोलन के सहारे अलग झारखंड राज्य गठन के सूत्रधार बने। उन्होंने झारखंड राज्य के निर्माण से लेकर उसकी पहचान स्थापित करने तक जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा। उनका निधन सामाजिक न्याय की आवाज़ को एक गहरी चोट है।” उनके विचार धाराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना ही उनकी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन सिंह ने भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि आज जिस झारखंड में जी रहे हैं ये उनके कड़े संघर्ष का परिणाम है। झारखंड के हर नागरिक आज शोक में डूबे हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।
सभा में उपस्थित अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे और दिशोम गुरु के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। गुरुजी संघर्ष, त्याग और नेतृत्व के प्रतीक थे। कांग्रेस परिवार उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज के हर वर्ग को न्याय दिलाने के लिए संकल्पित है।

श्रद्धांजलि सभा में जिला महासचिव-सह-प्रवक्ता दिनेश कुमार मंडल, प्रदेश सचिव राजेंद्र दास, नागेश्वर सिंह अवधेश प्रजापति, जिला के पदाधिकारी मकसूद आलम, सुधीर देव, मुकुंद दास, कुमार विनायक, विवेक मिश्रा, नजाबुल अंसारी, नित्यानंद सेवक, जिला सह प्रभारी मुनस्वर खान, नगर अध्यक्ष रवि केसरी, प्रखंड अध्यक्ष उपेन्द्र प्रसाद राय, संजीव चौधरी पार्टी पदाधिकारी मीना तुरी, मीठू झा, राजू तुरी, युवा नेता आशीष भारद्वाज, नुनू खान, कुमार बाबा, पंकज अजय कृष्णा, आदित्य दुबे, प्रियांशु सिंह, वशिष्ठ राणा, रमाकांत कुमार, चंद्रदेव दास, सदाशिव राणा के साथ के साथ सेवा दल के आल इंडिया सचिव दूर्गा दास, भोलानाथ सिंह, रश्मि पिंगुवा, मौसमी मिंज, जिला संगठक बासुकी पंडित, अर्जुन सिंह, आमोद राव, सुरेश पंडित, रंजीत यादव, सुमन कुमार, भोलानाथ सिंह, दिगंबर आदि सैकड़ो पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दिशोम गुरु को श्रृद्धांजलि दी।