क्या हुआ जब जसीडीह स्टेशन पर महिला चलती ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गिर गई?
देवघर: जसीडीह रेलवे स्टेशन पर उस वक़्त अफरा तफरी मच गई जब श्रावणी मेला के भीड़ के कारण एक महिला गलती से फिसलकर चलती ट्रेन और प्लेटफ़ॉर्म के बीच की खाली जगह में गिर गई।

घटना के बारे में आसनसोल रेल मंडल के अधिकारी बताते हैं कि 02 अगस्त को यह घटना श्रावणी मेले की भारी भीड़ के दौरान हुई जब काफी संख्या में तीर्थयात्री जसीडीह स्टेशन से गुज़र रहे थे। लगभग 17:10 बजे जब एक ट्रेन प्लेटफ़ॉर्म संख्या 2 से गुज़र रही थी, तो एक महिला यात्री गलती से फिसलकर चलती ट्रेन और प्लेटफ़ॉर्म के बीच की खाली जगह में गिर गई। स्थिति कुछ ही क्षणों में जानलेवा हो सकती थी।
हालांकि प्लेटफ़ॉर्म के एक छोर पर श्रावणी मेला ड्यूटी के लिए तैनात सतर्क आरपीएफ कर्मी बिना किसी हिचकिचाहट के मौके पर पहुँचे और यात्री को खतरे वाले क्षेत्र से सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया जिससे महिला की जान बच गई।
समय पर किए गए कार्रवाई करने की वजह से यात्री की सुरक्षा सुनिश्चित हुई और एक गंभीर घटना टल गई।
मंडल रेल प्रशासन ने इस घटना को ऑपरेशन “जीवन रक्षा” के तहत एक उल्लेखनीय उदाहरण के रूप में बताया जिसका उद्देश्य सक्रिय गश्त और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र के माध्यम से यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

