डीएवी कोडरमा में 79वें स्वतंत्रता दिवस की धूम, रंगारंग कार्यक्रमों से गूंजा प्रांगण
कोडरमा: पीवीएसएस डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में 79वें स्वतंत्रता दिवस का उत्सव देशभक्ति और उमंग से परिपूर्ण वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर तिलैया नगर के प्रतिष्ठित शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेश पंडित मुख्य अतिथि तथा संजीवन परमार विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारे। विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ प्रदान कर उनका हार्दिक स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं प्राचार्य द्वारा ध्वजारोहण और तिरंगे को सलामी देने के साथ हुआ। इसके उपरांत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। एनसीसी कैडेट्स और चारों सदनों की सुसज्जित परेड का निरीक्षण करते हुए गणमान्य अतिथियों ने बच्चों के अनुशासन और तालमेल की सराहना की।
प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह दिन हमारे वीर शहीदों की कुर्बानी को स्मरण करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने का है। यह अवसर हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान ने राष्ट्रीय पर्व की गरिमा और उल्लास को और भी बढ़ा दिया है।
मुख्य अतिथि डॉ. नरेश पंडित ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज़ादी हमें असीम बलिदान और त्याग के परिणामस्वरूप मिली है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने डीएवी कोडरमा की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ के पूर्व छात्र-छात्राएँ आज विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर कार्य कर विद्यालय, परिवार और समाज का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने और देश के प्रति अपने दायित्वों का पालन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विविध रंगारंग प्रस्तुतियों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। समृद्धि, अंतरा मुखर्जी एवं उनके समूह ने सेमी-क्लासिकल स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। किड्स ग्रुप के बच्चों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वेशभूषा धारण कर सबका मन मोह लिया। दयानंद सदन की समृद्धि, साम्भवी एवं समूह और विवेकानंद सदन की अभया एवं समूह ने देशभक्ति नृत्य से जोश भर दिया। मासिया मीर ने गीत “मेरा करमा तू मेरा धरमा” गाकर सभी को मंत्रमुग्ध किया।
रामकृष्ण सदन की रिया, अंशिका एवं समूह तथा राजा राममोहन राय सदन की रशिका, आरवी एवं समूह ने लोक नृत्य प्रस्तुत कर विभिन्न राज्यों की कला और संस्कृति का अद्भुत प्रदर्शन किया। आराध्या एवं समूह ने “बेटी पढ़ाओ” नाटक के माध्यम से सामाजिक संदेश दिया, वहीं खुशी तिवारी की “बेटी बचाओ” पर भावपूर्ण कविता ने सभी को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन छात्राएँ आराध्या कपूर एवं आकांक्षा त्रिवेदी ने किया। अंत में विद्यालय के शिक्षक कुमार सतीश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का समापन किया।

