देवघर आईएएस अकादमी में सफल छात्रों का सम्मान समारोह आयोजित
अपने सामाजिक दायित्व निर्वाहन अंतर्गत 05 मेधावी छात्रों का खर्च वहन करेंगे डॉ सुनील खवाड़े
देवघर: आज दिनांक 27.08.2025 को देवघर आईएएस अकादमी (दिया) ने अपने दूसरे वर्षगांठ पर झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) में सफल छात्रों के सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन विद्यार्थियों को सम्मानित करना था जिन्होंने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।

कार्यक्रम का शुभारंभ देवघर के प्रख्यात समाजसेवी डॉ सुनील खवाड़े द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि “छात्रों की मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। यह सम्मान समारोह न केवल विद्यार्थियों को प्रेरणा देगा बल्कि अन्य अभ्यर्थियों को भी लक्ष्य प्राप्ति हेतु प्रोत्साहित करेगा।”

मौके पर मुख्यअतिथि डॉ खवाड़े ने कहा कि संस्थान हर वर्ष एक स्कॉलरशिप प्रोग्राम आयोजित करें। जिसमें सफल, योग्य और जरूरतमंद 05 विद्यार्थियों के सम्पूर्ण खर्च को वहन करने की उन्होंने घोषणा की।
संस्थान के अकादमिक निदेशक देश के विख्यात शिक्षाविद नीरज नचिकेता ने संस्थान की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि संस्थान के विद्यार्थियों ने इस वर्ष JPSC में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्था का गौरव बढ़ाया है।
इस अवसर पर सफल विद्यार्थियों को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राएँ, अभिभावक एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मौके पर अंजनी शर्मा, पी के सिंह, डॉ अशोक कुमार, रामकृष्ण सहित सैकड़ों छात्र छात्राएं और मिडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।

