डिवाइन पब्लिक स्कूल में CPR प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
देवघर: डिवाइन पब्लिक स्कूल 10+2 देवघर में CPR प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छात्रों को आपात स्थिति में CPR प्रदान करने की तकनीक सिखाई गई। विद्यालय की प्राचार्या ममता किरण ने कार्यक्रम की सफलतापूर्वक सम्पन्नता हेतु सक्रिय रूप से अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), देवघर द्वारा अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के सहयोग से संचालित किया गया। इस पहल का नेतृत्व कार्यकारी निदेशक डॉ. सौरभ वार्ष्णेय तथा प्रशिक्षण का संचालन डॉ. मनुज कुमार सरकार (परियोजना प्रमुख एवं अतिरिक्त प्रोफेसर, सामान्य चिकित्सा विभाग) के द्वारा किया गया, जिसमें परियोजना समन्वयक अंजली कुमारी शॉ और नर्सिंग अधिकारी प्रेरणा रावत एवं एकता भगत ने सहयोग दिया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य 12 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों को हैंड्स-ओनली कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) की तकनीक सिखाना है, ताकि वे अचानक कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में पीड़ित को जीवनरक्षक सहायता दे सकें।
प्रशिक्षण में मैनिकिन पर व्यावहारिक अभ्यास, विशेषज्ञों द्वारा लाइव डेमोंस्ट्रेशन, ऑडियो-विज़ुअल सामग्री और एक सुव्यवस्थित पाठ्यक्रम शामिल किया गया, जिससे प्रतिभागियों को जीवनरक्षक कौशल की गहरी समझ और दीर्घकालिक स्मरण सुनिश्चित हो सके।

