कोडरमा (शहर परिक्रमा)

डीएवी कोडरमा में मनाया गया ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद का जन्मदिवस

डीएवी कोडरमा में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
   कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य एवं सभी शिक्षकों द्वारा मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद कक्षा छठी की छात्रा शांभवी ने पूरे विद्यालय परिवार को खेलों के माध्यम से स्वस्थ जीवन जीने की शपथ दिलाई।

   कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा कुमारी श्रेयसी ने अंग्रेज़ी भाषण के माध्यम से मेजर ध्यानचंद के जीवन से परिचित कराया, वहीं कक्षा नौवीं की छात्रा सभ्यता ने हिंदी भाषण के जरिए उनके अद्भुत और अविश्वसनीय खिलाड़ी होने की चर्चा की। मेजर ध्यानचंद के जीवन और उपलब्धियों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन कक्षा आठवीं की छात्रा समृद्धि ने किया।
   खेलों के उत्साह को नृत्य के माध्यम से कक्षा चौथी की छात्रा स्पर्धा गुप्ता ने प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा ग्यारहवीं (विज्ञान) की छात्रा खुशबू ने ध्यानचंद के जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों को साझा किया। कक्षा दूसरी की नन्ही छात्राओं वाणी गुप्ता और मायरा ने कविता प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन नूहा सफक ने किया।

इसके साथ ही जूनियर वर्ग के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ।
नर्सरी एवं एलकेजी– बॉल एक्टिविटी
यूकेजी– बैलेंसिंग रेस
कक्षा प्रथम– बैक टू बैक बैलून रेस एवं कंगारू रेस
कक्षा द्वितीय– मास्क रेस एवं हर्डल रेस
   इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि मेजर ध्यानचंद वास्तव में हॉकी के जादूगर थे। उन्होंने ओलंपिक खेलों में भारत को लगातार विजय दिलाई। उनके जन्म दिवस को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है, जो न केवल उनकी जयंती का प्रतीक है बल्कि खेल और शारीरिक गतिविधियों के महत्व को भी रेखांकित करता है। यह दिन राष्ट्रीय एकता, स्वस्थ जीवनशैली और युवा पीढ़ी को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।
    अंत में प्राचार्य ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले उज्जल घोष, अनिल कुमार, श्वेता सिंह एवं लक्की पाठक की सराहना की।