देवघर (शहर परिक्रमा)

देवघर उपायुक्त के नाम से फर्जी फेसबुक एकाउंट, एफआईआर दर्ज करने का निर्देश

देवघर: आज के समय में अधिकांश लोग सोशल मीडिया के माध्यम से एक दूसरे से जुड़े हैं, क्योंकि वर्तमान समय में यह माध्यम सूचनाओं का आदान-प्रदान करने का सबसे सरल व सशक्त माध्यम बन चुका है। आज के समय में किसी न किसी सोशल नेटवर्किंग साईट से हर व्यक्ति जुड़ा है। सोशल मीडिया ने जिस तेजी लोगों के जीवन में अपनी जगह बनाई है, उसके दुष्परिणाम भी सामने आने लगे हैं। तात्पर्य है कि जब सोशल मीडिया का इस्तेमाल गलत चीजों के लिए होने लगता है।

   वर्तमान समय में साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका इजाद किया है। हर रोज किसी न किसी का फर्जी फेसबुक अकाउंट का क्लोन बनाकर अनजान लोगों के साथ-साथ रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों को मैसेज व लिंक भेजकर अपने खाते में ऑनलाइन रुपये मांगते है या एकाउंट हैक करते हैं।
     वर्तमान में देवघर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा का भी फर्जी अकाउंट का मामला प्रकाश में आया है। जिसके द्वारा जिलावासियों से पैसे मांगने का मामला संज्ञान में आया, जिसपर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को साईबर थाना में एफआईआर दर्ज करने का निदेश दिया।
     देवघर जिला प्रशासन द्वारा कहा गया है कि डीसी देवघर या उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा जैसे अन्य नाम के एकाउंट से किसी भी तरह का कोई फेसबुक पर मैसेज, लिंक या रिक्वेस्ट आदि आने पर सावधान रहें और तुरंत इसकी सूचना साइबर थाना या निकटतम थाने को दे, ताकि साइबर सेल की ओर से त्वरित कार्रवाई की जा सके।