देवघर (शहर परिक्रमा)

डिवाइन पब्लिक स्कूल में मनाया गया शिक्षक दिवस

देवघर: डिवाइन पब्लिक स्कूल 10+2 देवघर में बच्चों के द्वारा शिक्षक दिवस कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्या ममता किरण के द्वारा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के फोटो पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित करने के साथ की गई। जिसके बाद सभी शिक्षक व शिक्षिकाओं ने बारी बारी से पुष्प अर्पित किया व डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी को नमन किया। प्राचार्या व सभी शिक्षक शिक्षिकाओं के द्वारा साथ मिलकर दीप प्रज्ज्वलन किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने के पीछे बच्चों की मेहनत साफ-साफ देखी जा सकती थी। बच्चों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में कई प्रकार के रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये जिसमें नृत्य-संगीत, नाटक आदि शामिल थे। बच्चों ने एक प्रस्तुति के अंतर्गत विद्यालय के तब के समय की झलक प्रस्तुत की ज़ब विद्यालय अपने संघर्ष के दौर से गुजर रहा था और कैसे विद्यालय ने सभी बाधाओं को पार कर सीबीएसई से 10+2 के लिए मान्यता मिलने तक के सफर को तय किया है। विद्यालय की प्राचार्या ममता किरण ने इस प्रस्तुति को देखने के बाद बच्चों का दिल से धन्यवाद कहा तथा उस संघर्ष के दिनों को सभी के साथ साझा करते हुए काफ़ी भावुक दिखीं जिसने सभी की आँखें नम कर दीं। विद्यालय के संघर्ष के दिनों का उदाहरण देते हुए प्राचार्या ममता किरण ने सभी बच्चों को एक सीख दी की जीवन में चाहे कितना भी बुरा दिन आ जाये, लोग आपको कितना भी नकारात्मक बोलें कभी हार मत मानना और अपने लक्ष्य के लिए सदैव प्रयास करते रहना, एक दिन सफलता जरूर मिलती है। प्राचार्या श्रीमती ममता किरण जी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनायें दीं व उपहार देकर सभी का सम्मान किया। बच्चों ने भी सभी शिक्षकों को उपहार दिए व उनका आशीर्वाद लिया।